संवाददाता. पटना
पटना के गांधी मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पहली बार ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली और सभा को संबोधित किया। अपने भाषण में मुख्यमंत्री ने राज्य के समग्र विकास, रोजगार सृजन, पारदर्शी प्रशासन और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सरकार की प्राथमिकताओं को बताया। उन्होंने कहा कि सरकार का मुख्य ध्येय हर नागरिक को न्याय और अधिकार दिलाना है।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रशासनिक पारदर्शिता के लिए शुरू किए गए सहयोग शिविरों के माध्यम से अब तक 6 लाख से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 95 प्रतिशत से अधिक मामलों का त्वरित निस्तारण किया जा चुका है। लापरवाही बरतने वाले 17 हजार अधिकारियों को पहला और 860 अधिकारियों को दूसरा नोटिस जारी किया गया है। इसके अलावा, बिहार की 85% ग्रामीण आबादी की समस्याओं के समाधान हेतु हर महीने के अंतिम रविवार को स्वराज पोर्टल के माध्यम से ‘पंचायत विकास दिवस’ आयोजित किया जाएगा।
महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए घोषणा की कि रक्षाबंधन से राज्य के स्कूल और कॉलेजों के आसपास स्कूटी सवार ‘पुलिस दीदी’ तैनात की जाएंगी। भर्ती परीक्षाओं में धांधली और पेपर लीक जैसी समस्याओं को रोकने के लिए हाईकोर्ट के जज की अध्यक्षता में एक विशेष निगरानी कमेटी का गठन किया जाएगा। इसके साथ ही छात्रों और अभिभावकों की समस्याओं के समाधान के लिए जल्द ही ‘विद्यार्थी पोर्टल’ की शुरुआत की जाएगी।
उन्होंने कहा कि बिहार को औद्योगिक हब बनाने के उद्देश्य से सरकार ने अगले नवंबर तक 5 लाख करोड़ रुपये का निजी निवेश (Private Investment) लाने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए 14 हजार एकड़ भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया जारी है। सेमीकंडक्टर उद्योग, 5 नई चीनी मिलों की स्थापना और 12 नई आधुनिक टाउनशिप विकसित करने की योजना पर काम चल रहा है, जिन्हें हाई-स्पीड कॉरिडोर से जोड़ा जाएगा। सीएम ने प्रवासी बिहारियों से राज्य लौटने का आह्वान भी किया। बिजली और अक्षय ऊर्जा के क्षेत्र में बड़ा कदम उठाते हुए सरकार ने 4 लाख 85 हजार बीपीएल (BPL) परिवारों के घरों में मुफ्त सोलर पैनल लगाने की योजना शुरू की है। सरकार का आगामी 5 वर्षों में राज्य के 25 लाख घरों तक सोलर ऊर्जा पहुंचाने का लक्ष्य है। इस पहल से ग्रामीण और गरीब परिवारों को बिजली बिल से राहत मिलेगी और राज्य में हरित ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के 10 मुख्य ऐलान
5 लाख करोड़ का निवेश: अगले नवंबर तक राज्य में 5 लाख करोड़ रुपये का निजी निवेश लाने का लक्ष्य
‘पुलिस दीदी’ की तैनाती: रक्षाबंधन से स्कूल-कॉलेजों के पास स्कूटी सवार महिला पुलिसकर्मियों की नियुक्ति
परीक्षा निगरानी कमेटी: भर्ती परीक्षाओं में धांधली रोकने के लिए हाईकोर्ट के जज की अध्यक्षता में कमेटी का गठन
विद्यार्थी पोर्टल: छात्र-छात्राओं, कॉलेजों और कोचिंग से जुड़ी शिकायतों के समाधान के लिए नया पोर्टल
पंचायत विकास दिवस: हर महीने के अंतिम रविवार को गांवों की समस्याओं के लिए पंचायत दिवस का आयोजन
अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई: काम में लापरवाही पर 17 हजार अधिकारियों को पहला और 860 को दूसरा नोटिस
5 नई चीनी मिलें: राज्य में कृषि और उद्योग को बढ़ावा देने के लिए 5 नई चीनी मिलों की शुरुआत
25 लाख घरों में सोलर: 4.85 लाख BPL परिवारों को मुफ्त सोलर और 5 साल में 25 लाख घरों तक विस्तार
12 नई टाउनशिप: औद्योगिक हब से जुड़ी 12 नई टाउनशिप और हाई-स्पीड कॉरिडोर का निर्माण
14 हजार एकड़ जमीन अधिग्रहित: नए उद्योगों और सेमीकंडक्टर प्लांट की स्थापना के लिए भूमि अधिग्रहण
