-मातृभाषा आधारित शिक्षा को मिलेगा बढ़ावा, पांच प्रमुख भाषाओं में तैयार होगी शिक्षण सामग्री
पटना.
राज्य में मातृभाषा और प्रादेशिक भाषाओं को बढ़ावा देने के लिए पांच प्रादेशिक भाषा समृद्धि केंद्र स्थापित किए जाएंगे। शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने इसके लिए स्वीकृति दे दी है। यह पहल राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप की गई है।
शिक्षा मंत्री की मंजूरी के बाद राज्य शिक्षा शोध एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) के निदेशक यतेंद्र कुमार पाल के नेतृत्व में इन केंद्रों की स्थापना की पहल की गई है। ये केंद्र मैथिली, मगही, भोजपुरी, अंगिका और बज्जिका भाषाओं के विकास एवं संवर्धन के लिए काम करेंगे।
इन केंद्रों की स्थापना पांच जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थानों (डायट) में होगी।
मैथिली: डायट, किलाघाट, दरभंगा।
मगही: डायट, पंचायती अखाड़ा, गया।
भोजपुरी: डायट, सारण।
अंगिका: डायट, खीरनीघाट, भागलपुर।
बज्जिका: डायट, मुजफ्फरपुर।
इन केंद्रों पर संबंधित भाषाओं में शिक्षण सामग्री तैयार की जाएगी। लोक साहित्य और सांस्कृतिक विरासत का संकलन एवं संरक्षण भी किया जाएगा। साथ ही, शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्हें मातृभाषा में पढ़ाने के लिए आवश्यक संसाधन और तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराने की दिशा में काम होगा।
इस पहल से बच्चों को अपनी मातृभाषा में पढ़ने और समझने का बेहतर अवसर मिलेगा। इससे कक्षा में उनकी भागीदारी बढ़ेगी और सीखना आसान होगा।
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा है कि बिहार की भाषायी विविधता हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत है। इसका संरक्षण और विकास जरूरी है। मातृभाषा में शिक्षा बच्चों की समझ और सीखने की क्षमता को मजबूत करती है। प्रादेशिक भाषा समृद्धि केंद्र इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।



