-नीतीश सेतु पटना के कच्ची दरगाह को वैशाली के बिदुपुर से जोड़ती है।

-परियोजना में करीब 9.7 किलोमीटर का मुख्य पुल और 10 किलोमीटर की एप्रोच सड़कें शामिल हैं।

पटना.

शनिवार को पीएम नरेंद्र मोदी ने बिहार में गंगा पर बने नीतीश सेतु का उद्घाटन किया। 19.7 किलोमीटर लंबा यह पुल पटना के कच्ची दरगाह को वैशाली के बिदुपुर से जोड़ता है। बिहार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैशाली जिले में ‘नीतीश सेतु’ का उद्घाटन किया। इस पुल पर काफी विवाद भी हुआ। तेजस्वी यादव ने कहा कि इस पुल का नामकरण समाजवादी नेता अक्षयवट राय के नाम पर होना था लेकिन जीते जी नीतीश कुमार के नाम पर इसका नाम नीतीश सेतु रख दिया गया है।

‘नीतीश सेतु’ गंगा नदी पर बना एक ‘एक्सट्राडोज्ड केबल-स्टेयड’ पुल है, जिसे लगभग 4,280 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है। 19.7 किलोमीटर लंबी यह परियोजना पटना जिले में NH-22 पर स्थित ‘कच्ची दरगाह’ को वैशाली जिले में NH-322 पर स्थित ‘बिदूपुर’ से जोड़ती है। इसमें 9.7 किलोमीटर लंबा मुख्य पुल और 10 किलोमीटर लंबी एप्रोच सड़कें शामिल हैं।

नीतीश सेतु के उद्धाटन के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैशाली में रोड शो में हिस्सा लिया। इस दौरान उनके साथ केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और अन्य लोग मौजूद रहे। उद्घाटन के दौरान पुल के नीचे बड़ी संख्या में लोग प्रधानमंत्री की एक झलक पाने के लिए मौजूद थे। प्रधानमंत्री ने भी हाथ में गमछा लेकर उसे लहराया और वहां खड़े लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। इस दौरान लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।
नीतीश सेतु के चालू होने से गंगा नदी पर आवागमन के लिए एक अतिरिक्त मार्ग उपलब्ध होगा। इससे महात्मा गांधी सेतु और जेपी सेतु पर यातायात का दबाव कम करने में मदद मिलेगी। साथ ही उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच यात्रा का समय भी घटेगा।
पुल से विशेष रूप से राघोपुर दियारा के लोगों को लाभ मिलने की उम्मीद है। पटना तक उनकी पहुंच आसान होगी और स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा सहित अन्य जरूरी सुविधाओं का लाभ लेने में सहूलियत होगी।

पुल के उद्घाटन के बाद पीएम मोदी ने 21 नवंबर 2026 को बिहार के वैशाली जिले के राजापाकड़ (जाफरपट्टी) का दौरा किया और लगभग 34,470 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। यह कार्यक्रम बिहार में एनडीए सरकार का एक साल पूरा होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया था। 100 पीएम ई-बसों को हरी झंडी दिखाने, 26,900 से अधिक पीएम आवास लाभार्थियों के गृह प्रवेश और वैशाली में औद्योगिक गलियारे की आधारशिला उन्होंने रखी।

पीएम मोदी ने इस अवसर पर कहा कि लगभग तीन दशक पहले बदहाली झेल रहे बिहार ने नीतीश कुमार के नेतृत्व में सुशासन की नई राह चुनी। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के आशीर्वाद और उनके विकास मॉडल के मंत्र से अब मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और उनकी टीम इस अभियान को आगे बढ़ा रही है। विपक्ष और ‘जंगल राज’ पर निशाना साधते हुए आरजेडी और कांग्रेस पर हमला बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा कि पहले बिहार में घोटालों की गिनती होती थी और गांव बिजली को तरसते थे, जबकि आज निवेश के आंकड़े पेश किए जाते हैं और हर घर बिजली पहुंच रही है।
गरीबी उन्मूलन का दावा. कांग्रेस के पुराने ‘गरीबी हटाओ’ नारे पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने दशकों तक गरीबों को गुमराह किया, जबकि उनकी सरकार ने 12 वर्षों में 50 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला है।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा

पुल का नाम ‘नीतीश सेतु’ रखने पर हो रही राजनीति का जवाब देते हुए सम्राट चौधरी ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में यह पूरा पुल और बिहार ‘नीतीशमय’ हो गया है। उन्होंने इसे नीतीश कुमार की 20 वर्षों की सेवा के प्रति सम्मान बताया। उन्होंने कहा कि 2037 में जब बिहार 125 साल का होगा, तब तक पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के समृद्ध बिहार के सपने को साकार किया जाएगा। उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि बिहार के विकास से ही भारत का विकास होगा। उन्होंने राज्य में रोजगार सृजन के लिए उद्योगों का जाल बिछाने, मिलिट्रॉनिक पार्क और फूड प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित करने की सरकार की योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने प्रशासनिक पारदर्शिता के लिए ‘सहयोग कार्यक्रम’ (जिसके तहत काम में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई हो रही है) और कर्पूरी ठाकुर के नाम पर स्किल यूनिवर्सिटी स्थापित करने जैसी पहलों की जानकारी दी। उन्होंने बिहार को लगभग 34,000 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देने, विशेष पैकेज और छठ पूजा के दौरान विशेष रेल व विमान सेवाओं के लिए प्रधानमंत्री का धन्यवाद किया।

You missed