पटना.

जदयू ने कुर्मी जाति से आने वाले रामचंद्र सिंह (RCP) को राष्ट्रीय अध्यक्ष की कुर्सी देने के बाद कोयरी जाति के उमेश कुमार सिंह को नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया है। वे महनार के पूर्व विधायक हैं। पार्टी ने यह फैसला रविवार को राज्य परिषद की बैठक में लिया। निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष बशिष्ठ नारायण सिंह ने उमेश सिंह कुशवाहा के नाम का प्रस्ताव लाया जिस पर सर्वसम्मति से फैसला लिया गया। बशिष्ठ नारायण सिंह अब मार्गदर्शक के रूप में काम करेंगे। प्रस्ताव का मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने यह कहते हुए समर्थन किया कि बशिष्ठ नारायण सिंह के दिशा-निर्देशन में ही उमेश कुशवाहा अपना दायित्व निभायेंगे।

बैठक में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह और पार्टी से जुड़े कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। बैठक के बाद लोकसभा में पार्टी संसदीय दल के नेता राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने प्रदेश मुख्यालय में मीडिया को इसकी जानकारी दी। ललन सिंह ने कहा कि इसका मकसद न्याय के साथ विकास करना है। उन्होंने बताया कि बैठक के दौरान निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष बशिष्ठ नारायण सिंह ने बीमारी का हवाला देते हुए प्रदेश अध्यक्ष पद से मुक्त होने की इच्छा जाहिर की थी। सांसद ललन सिंह ने बिना नाम लिए तेजस्वी यादव पर निशाना साधा। कहा कि कोरोना काल में एक नेता दिल्ली से घूमकर आकर कहते थे कि कोरोना काल में काम नहीं हुआ, जबकि कारोना जांच और रिकवरी दर के मामले में देश की तुलना में बिहार बेहतर है।  उन्होंने कहा कि कई लोग चुनाव के बाद रोजगार दे रहे थे, वहीं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सरकार बनने के बाद पहली बैठक में 20 लाख रोजगार देने पर सहमति दी। इसकी प्रक्रिया चल रही है।

 

नीतीश कुमार ने कहा सोशल मीडिया पर दुष्प्रचार किया गया

राज्य परिषद की बैठक में मुखयमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से दुष्प्रचार कर हमलोगों के खिलाफ वातावरण बनाने की कोशिश की गयी। विपक्ष की तरफ इशारा करते हुए  कहा कि जिन लोगों को चुनाव लड़ने तक का मन नहीं था, उन्हें इतनी सीटें आ गयीं। जरूरी है कि अपना काम नीचे तक पहुंचाएं और गलत बातों का मजबूती से जवाब दें। निर्दश दिया कि पार्टी मुख्यालय में एक सेल बनाएं, जिसके माध्यम से अपराध या भ्रष्टाचार संबंधी शिकायतों का उचित समाधान किया जा सके। कहा कि हम सबको एकजुट होकर बिहार के विकास के लिए काम करना है। जब हमने काम करने की जिम्मेदारी ले ली है, तो उसे पूरा करके भी दिखायेंगे। सात निश्चय-2 को हमें जमीन पर उतारना है। चुनाव से पहले हर खेत तक सिंचाई के लिए पानी पहुंचाने का संकल्प हमने लिया था, उसे पूरा करेंगे। कहा कि पार्टी के सच्चे और समर्पित साथियों को सम्मान और स्थान जरूर दिया जाएगा।

 

उमेश कुशवाहा पर राजद का निशाना

 

उमेश कुशवाहा को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने पर राजद ने नीतीश कुमार पर निशाना साधा है। राजद ने ट्वीट कर कहा है कि RLSP नेता मनीष सहनी के हत्यारोपी उमेश कुशवाहा  को जदयू का प्रदेश अध्यक्ष बनाया है! अफसरशाही से सुनियोजित भ्रष्टाचार के जनक को जदयू का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया है! इनसे पहले वाले राष्ट्रीय अध्यक्ष पर भी हत्या का आरोप था!जदयू- बीजेपी में आगे बढ़ने के लिए हत्या, भ्रष्टाचार ज़रूरी है!

 

मनीश सहनी की हत्या हुई थी

मनीष सहनी वैशाली में रालोसपा के बड़े नेता थे। वर्ष 2018 में उनकी हत्या कर दी गई थी। इस घटना में तत्कालीन महनार विधायक पर भी आरोप लगा था। पुलिस ने उन्हें साक्ष्य के अभाव में क्लीन चिट दे दिया था।

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed