संवाददाता.

बिहार में तीन चरण में विधानसभा चुनाव होंगे । पहले चरण में 16 जिलों की 71 सीटों पर चुनाव होगा। दूसरे चऱण में 17 जिलों की 94 सीटों पर चुनाव होगा और तीसरे चरण में 15 जिलों की 78 सीटों पर मतदान होगा। पहले चरण का चुनाव 28 अक्टूबर , दूसरे चरण का तीन नवंबर और तीसरे चरण का चुनाव सात नवंबर को होगा। 10 तारीख को चुनाव परिणाम की घोषणा की जाएगी।

 इस बार 7.29 करोड़ वोटर होंगे

मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने कहा कि यह कोरोना के दौर में देश का ही नहीं, बल्कि दुनिया का पहला सबसे बड़ा चुनाव होने जा रहा है। बिहार में 243 सीटें हैं. 38 सीटें आरक्षित हैं। हमने एक पोलिंग बूथ पर वोटरों की संख्या 1500 की जगह 1000 रखने का फैसला किया था। 2015 में पिछले विधानसभा चुनाव के वक्त 6.7 करोड़ वोटर थे। अब 7.29 करोड़ वोटर हैं। 1.73 लाख वीवीपैट का इस्तेमाल होगा। 6 लाख मास्क, 7.6 लाख फेस शील्ड, 23 लाख हैंड ग्लव्स का इस्तेमाल होगा।

सोशल मीडिया पर तनाव फैलाने वाले बख्शे नहीं जाएंगे

इस बार के चुनाव में आयोग ने सुरक्षा में लगे कर्मियों की संख्या भी बढ़ाई है। सभी मतदान केंद्र ग्राउंड फ्लोर पर ही होंगे। उम्मीदवारों के बारे में जानकारी वेबसाइट पर देनी होगी। उम्मीदवारों पर केस की जानकारी सार्वजनिक होगी। सिक्यॉरिटी डिपॉजिट भी ऑनलाइन जमा कराना होगा। चुनाव आयुक्त ने कहा कि सोशल मीडिया पर कोई भी समाज में तनाव पैदा करने की कोशिश करता है तो उसपर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

मौजूदा हालात के मद्देनजर वोटिंग का समय एक घंटा बढ़ाया गया है

मतदान के अंतिम समय में कोरोना पीड़ित अपना वोट डाल सकेंगे, जिनके लिए अलग व्यवस्था की जाएगी। प्रचार मूल रूप से वर्चुअल ही होगा, लेकिन जिला अधिकारी छोटी रैली की जगह और वक्त तय करेंगे। हर पोलिंग बूथ पर साबुन, सैनिटाइजर समेत अन्य चीजों का प्रबंध किया जाएगा। चुनाव आयुक्त ने कहा कि मौजूदा हालात के मद्देनजर वोटिंग का समय एक घंटा बढ़ाया गया है। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों को छोड़कर सामान्य इलाकों में सुबह 7 से शाम 5 बजे की बजाय सुबह 7 से शाम 6 के बीच मतदान होगा।

मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने कहा कि चुनाव आयोग बिहार विधानसभा चुनावों की घोषणा करने के लिए यहां है। कोविड के चलते 70 से ज्यादा देशों ने अपने देश के चुनाव टाल दिए हैं। कोरोना काल में लोगों के हेल्थ और सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जाएगा।

बता दें कि बिहार विधानसभा का कार्यकाल 29 नवंबर को खत्म हो रहा है। नई सरकार का गठन विधानसभा के कार्यकाल खत्म होने से पहले हो जाना आवश्यक है।


28 अक्टूबरः पहले चरण में 71 सीटों पर चुनाव, 31 हजार पोलिंग स्टेशन

03 नवंबरः दूसरे चरण में 94 सीटों पर चुनाव, 42 हजार पोलिंग स्टेशन

07 नवंबरः तीसरे चरण में 78 सीटों पर चुनाव, 33.5 हजार पोलिंग स्टेशन

10 नवंबरः चुनाव के नतीजे आएंगे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *