संवाददाता. पटना

पटना जिला अंतर्गत राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या-30 पर अवस्थित कच्ची दरगाह तथा वैशाली जिला अंतर्गत राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या-103 पर अवस्थित बिदुपुर के बीच गंगा नदी पर निर्माणाधीन 19.76 किलोमीटर लंबी 6-लेन ग्रीनफील्ड गंगा पुल परियोजना का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है।

इस परियोजना के अंतर्गत 9.76 किलोमीटर लंबा मुख्य पुल तथा 10 किलोमीटर लंबे पहुंच पथ (Approach Roads) का निर्माण किया जा रहा है। वर्तमान में परियोजना का 99.1 प्रतिशत भौतिक कार्य पूर्ण हो चुका है।

परियोजना के प्रथम चरण में कच्ची दरगाह (पटना) से राघोपुर दियारा (वैशाली) तक 4.57 किलोमीटर लंबे खंड का उद्घाटन पूर्व में किया जा चुका है, जिससे क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिल रही है।

05 जुलाई 2026 को पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल (भा.प्र.से.) एवं बिहार स्टेट रोड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (BSRDCL) के प्रबंध निदेशक सौरभ जोरवाल (भा.प्र.से.) ने परियोजना स्थल का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने शेष कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने, सभी तकनीकी मानकों एवं गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने तथा परियोजना को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।

यह अत्याधुनिक 6-लेन गंगा पुल पटना के सबलपुर को एनएच-103 (बिदुपुर) से जोड़ेगा तथा पटना–बख्तियारपुर बाईपास (एनएच-30) से सीधे जुड़ा होगा। परियोजना के पूर्ण होने के बाद राजधानी पटना एवं वैशाली सहित उत्तर बिहार के बीच सड़क संपर्क और अधिक सुगम, तेज एवं निर्बाध होगा। साथ ही क्षेत्रीय व्यापार, आवागमन, निवेश एवं सामाजिक-आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।

You missed