-55 राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय चैप्टर के प्रतिनिधियों के साथ ‘संवाद’ कार्यक्रम में प्रवासी बिहारियों से किया सीधा संवाद

संवाददाता. पटना

बिहार के वैश्विक संपर्क को सशक्त बनाने, प्रवासी बिहारियों की सहभागिता बढ़ाने एवं राज्य में निवेश को प्रोत्साहित करने की दिशा में मुख्यमंत्री-सह-संरक्षक, बिहार फाउंडेशन, सम्राट चौधरी ने आज बिहार फाउंडेशन एवं बिहार बिजनेस कनेक्ट-2027 पोर्टल का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर ‘संवाद’ कार्यक्रम के माध्यम से देश-विदेश में स्थित बिहार फाउंडेशन के सभी 55 चैप्टर के प्रतिनिधियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सहभागिता की।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री-सह-अध्यक्ष, बिहार फाउंडेशन, विजय कुमार चौधरी एवं उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन उद्योग विभाग के सचिव-सह-बिहार फाउंडेशन के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी श्री कुंदन कुमार ने किया।

वर्तमान में बिहार फाउंडेशन के 55 चैप्टर कार्यरत हैं, जिनमें 31 अंतरराष्ट्रीय एवं 24 राष्ट्रीय चैप्टर शामिल हैं। आगामी वित्तीय वर्ष के अंत तक इनकी संख्या 100 करने का लक्ष्य है। साथ ही, देशभर में 10 इंटीग्रेटेड सेंटर स्थापित करने की परिकल्पना है, जिससे निवेश, पर्यटन एवं व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

नव-निर्मित पोर्टल के माध्यम से विश्वभर में बसे बिहारियों को बिहार की संस्कृति, विरासत, उपलब्धियों एवं विकास यात्रा से जोड़ा जाएगा। इसमें ऑनलाइन पंजीकरण, एकीकृत डेटाबेस, सभी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय चैप्टर की जानकारी तथा चैप्टर स्तर पर एडमिन एक्सेस की सुविधा उपलब्ध होगी। चैप्टर अपने कार्यक्रमों, गतिविधियों एवं तस्वीरों को भी मुख्यालय के मॉडरेशन के अधीन अपलोड कर सकेंगे

आज लॉन्च किया गया BBC-2027 पोर्टल प्रतिभागियों के पंजीकरण, आयोजन से संबंधित अद्यतन जानकारी तथा बिहार में उपलब्ध निवेश एवं औद्योगिक अवसरों की जानकारी प्राप्त करने का डिजिटल माध्यम बनेगा।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बिहार फाउंडेशन के 55 चैप्टर के प्रतिनिधियों के साथ संवाद किया। चर्चा में बिहार के विकास में प्रवासी बिहारियों की भूमिका, वैश्विक नेटवर्क के विस्तार, निवेश की संभावनाओं एवं भविष्य की कार्ययोजनाओं पर विचार-विमर्श हुआ।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार फाउंडेशन के माध्यम से देश-विदेश में बसे बिहार मूल के लोगों को अपनी मातृभूमि से जोड़ने और उनके अनुभव, ज्ञान एवं संसाधनों को राज्य के विकास में सहभागी बनाने का प्रयास किया जा रहा है। बिहार बिजनेस कनेक्ट-2027 का उद्देश्य केवल निवेश प्रस्ताव प्राप्त करना नहीं, बल्कि उन्हें धरातल पर उतारकर औद्योगिक विकास एवं रोजगार के नए अवसर सृजित करना है। उन्होंने प्रवासी बिहारियों से बिहार की विकास यात्रा में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया

उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि बिहार फाउंडेशन एवं बिहार बिजनेस कनेक्ट-2027 पोर्टल का शुभारंभ राज्य के वैश्विक संपर्क और निवेश प्रोत्साहन को नई दिशा देगा। बिहार सरकार निवेशकों को बेहतर सुविधाएँ, सरल प्रक्रियाएँ एवं अनुकूल औद्योगिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने प्रवासी बिहारियों से राज्य में उपलब्ध निवेश एवं व्यावसायिक अवसरों का लाभ उठाने की अपील की।

उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार ने कहा कि दोनों पोर्टल के माध्यम से प्रवासी बिहारियों, निवेशकों एवं उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित होगा। उन्होंने बिहार फाउंडेशन के वैश्विक नेटवर्क को और सशक्त बनाने तथा बिहार बिजनेस कनेक्ट-2027 के लक्ष्यों को प्राप्त करने में सभी चैप्टर की सक्रिय भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।