संवाददाता. पटना
कोटा मॉडल की तर्ज पर बिहार में विकसित होंगे आधुनिक कोचिंग हब,
बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी 6 जुलाई (सोमवार) को राजस्थान के महत्वपूर्ण शैक्षणिक दौरे पर जाएंगे। इस दौरान वे राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, माननीय उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी, राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष वासुदेव देवनानी तथा राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर से शिष्टाचार मुलाकात एवं गुणात्मक शिक्षा से संबंधित विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा करेंगे।
इस दौरे का उद्देश्य राजस्थान की शिक्षा व्यवस्था में किए गए नवाचारों, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण मॉडल, विद्यालयी प्रबंधन, तकनीक आधारित शिक्षा, विद्यार्थी हितैषी योजनाओं तथा शैक्षणिक सुधारों का अध्ययन करना है, ताकि वहां के सफल मॉडलों को बिहार की आवश्यकताओं के अनुरूप अपनाकर राज्य की शिक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण बनाया जा सके।
अपने दौरे के दौरान मिथिलेश तिवारी राजस्थान के शिक्षा क्षेत्र में लागू विभिन्न नवाचारों, डिजिटल शिक्षा, शिक्षकों के क्षमता विकास, विद्यालयी अधोसंरचना, कौशल विकास तथा विद्यार्थियों के समग्र शैक्षणिक विकास से जुड़े विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श करेंगे। दोनों राज्यों के बीच शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग और अनुभवों के आदान-प्रदान को लेकर भी महत्वपूर्ण चर्चा होगी।
बैठक का एक प्रमुख विषय प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विकसित कोटा मॉडल का अध्ययन भी रहेगा। राजस्थान के कोटा शहर ने वर्षों से देशभर के लाखों विद्यार्थियों को उच्च स्तरीय कोचिंग सुविधाएं उपलब्ध कराकर एक विशिष्ट पहचान बनाई है। इसी अनुभव का अध्ययन करते हुए बिहार में भी पटना के अतिरिक्त राज्य के अन्य प्रमुख शहरों में आधुनिक एवं सुव्यवस्थित कोचिंग हब विकसित करने की संभावनाओं पर गंभीर चर्चा की जाएगी।
प्रस्तावित कोचिंग हब ऐसे स्थानों पर विकसित किए जाने की परिकल्पना है, जहां विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण कोचिंग, आधुनिक शैक्षणिक संसाधन, पुस्तकालय, छात्रावास, करियर परामर्श सेवाएं तथा सुरक्षित एवं अनुकूल शैक्षणिक वातावरण एक ही परिसर में उपलब्ध कराया जा सके। इससे विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी के लिए अन्य राज्यों पर निर्भरता कम होगी तथा बिहार में ही उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया जा सकेगा।
माननीय शिक्षा मंत्री श्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि बिहार सरकार शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक सुधार और नवाचार के लिए प्रतिबद्ध है। देश के विभिन्न राज्यों में लागू सफल शैक्षणिक मॉडलों का अध्ययन कर उन्हें बिहार की परिस्थितियों एवं आवश्यकताओं के अनुरूप लागू करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी की सुविधाएं अपने ही राज्य में उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राजस्थान का यह अध्ययन दौरा दोनों राज्यों के बीच शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग को नई दिशा देगा तथा बिहार में शिक्षा की गुणवत्ता, नवाचार और प्रतिस्पर्धी शैक्षणिक वातावरण को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
