– पनीर, मसाले, बादाम, किशमिश एवं सॉस सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए भेजे गए

पटना.

राज्य में आम लोगों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य प्रतिष्ठानों के निरीक्षण, खाद्य पदार्थों के नमूना संग्रहण एवं प्रयोगशाला जांच की कार्रवाई लगातार जारी है। सचिव-सह-खाद्य संरक्षा आयुक्त कुमार रवि के निर्देश पर खाद्य संरक्षा अधिकारियों द्वारा राज्य के विभिन्न जिलों में खाद्य प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण कर खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों के अनुपालन की जांच की जा रही है। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

इसी क्रम में 10 अक्टूबर 2026 को पटना के एस.पी. वर्मा रोड स्थित पिस्ता हाउस, पाइरेट्स ऑफ ग्रिल सहित विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों के भंडारण, रसोई की स्वच्छता, शाकाहारी एवं मांसाहारी खाद्य पदार्थों को अलग-अलग रखने, जल निकासी व्यवस्था, कीट नियंत्रण, कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता तथा खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन की जांच की गई। इस दौरान कई कमियां सामने आईं। कार्रवाई के तहत एक्सपायरी खाद्य सामग्री को नष्ट किया गया तथा विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित कर जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए।

पिस्ता हाउस में खाद्य सामग्री जब्त, एक्सपायरी मसाले नष्ट

एस.पी. वर्मा रोड स्थित पिस्ता हाउस के निरीक्षण के दौरान 15 किलोग्राम ड्राइड चेरी, 42 किलोग्राम ड्राइड पाइनएप्पल, 32 किलोग्राम ड्राइड जिंजर तथा 7.5 किलोग्राम लाजवाब डेट्स पेस्ट जब्त किया गया। जब्त सामग्री का कुल अनुमानित मूल्य 56,400 रुपये है। डेट्स पेस्ट के संबंध में गलत ब्रांडिंग की अनियमितता पाई गई। वहीं, आयातित खाद्य पदार्थों पर आवश्यक विवरण अंकित नहीं होने की कमी भी सामने आई।

इसके अतिरिक्त, 66 पैकेट एमडीएच तंदूरी मसाला एवं 51 पैकेट एमडीएच गरम मसाला एक्सपायरी पाए जाने पर नष्ट किए गए। इनकी कीमत क्रमशः 6,468 रुपये एवं 5,559 रुपये बताई गई है।

निरीक्षण के दौरान शाकाहारी एवं मांसाहारी खाद्य पदार्थों को एक साथ रखने, फ्रीजर कक्ष में पर्याप्त रोशनी नहीं होने, कीट नियंत्रण की व्यवस्था एवं पानी की जांच रिपोर्ट उपलब्ध नहीं होने तथा कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाणपत्र प्रस्तुत नहीं किए जाने जैसी कमियां भी पाई गईं। जल निकासी एवं सीवरेज व्यवस्था में सुधार की आवश्यकता बताई गई।

पाइरेट्स ऑफ ग्रिल में मसाले जब्त, वेज-नॉनवेज खाद्य पदार्थों को अलग रखने का निर्देश

एस.पी. वर्मा रोड स्थित पाइरेट्स ऑफ ग्रिल के निरीक्षण के दौरान 5 किलोग्राम लाल मिर्च पाउडर, 5 किलोग्राम धनिया पाउडर तथा सोंठ पाउडर के 3 पैकेट जब्त किए गए। उपलब्ध विवरण के अनुसार, इनकी कीमत क्रमशः 62,500 रुपये, 4,500 रुपये एवं 1,050 रुपये है।

निरीक्षण के दौरान रसोई की जल निकासी व्यवस्था में पानी जमा होने तथा फ्रीजर में शाकाहारी एवं मांसाहारी खाद्य पदार्थों को एक साथ रखे जाने की कमी सामने आई। बिल पर एफएसएसएआई लाइसेंस अथवा पंजीकरण संख्या अंकित नहीं होने की बात भी दर्ज की गई।

प्रतिष्ठान के ऑटो-जेनरेटेड निरीक्षण प्रतिवेदन में कुल 116 अंकों में से 112 अंक अर्थात 97 प्रतिशत प्राप्त होने का उल्लेख है। रिपोर्ट में प्रतिष्ठान को अनुपालन की श्रेणी में रखा गया है। हालांकि, शाकाहारी एवं मांसाहारी खाद्य पदार्थों को अलग-अलग रखने, जल निकासी मार्ग में सुधार करने तथा मापने वाले उपकरणों का कैलिब्रेशन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। प्रतिवेदन में सुधार नोटिस की अनुशंसा का भी उल्लेख है।

अन्य प्रतिष्ठानों से भी खाद्य नमूने संग्रहित

विशेष जांच अभियान के दौरान एस.पी. वर्मा रोड स्थित बर्गर सिंह हाउस सहित अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का भी निरीक्षण किया गया। बर्गर सिंह हाउस से इमल्सीफाइड सॉस (फ्राइज डिप) एवं मेयोनेज़ के नमूने संग्रहित किए गए।

अभियान के दौरान धनिया पाउडर, सोंठ पाउडर, बादाम, पनीर एवं लाल मिर्च पाउडर सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए गए। पिस्ता हाउस से ड्राइड चेरी, ड्राइड पाइनएप्पल, ड्राइड जिंजर, डेट्स पेस्ट एवं खुली किशमिश के नमूने भी संग्रहित किए जाने का विवरण उपलब्ध है। संबंधित नमूनों को गुणवत्ता एवं निर्धारित मानकों की जांच के लिए संयुक्त खाद्य प्रयोशाला भेजने की कार्रवाई की गई।

खाद्य संरक्षा टीम ने संबंधित प्रतिष्ठानों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, सुरक्षित भंडारण, रसोई की स्वच्छता, कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता तथा खाद्य सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विभाग द्वारा नियमित निरीक्षण, नमूना संग्रहण एवं नियमों के उल्लंघन पर नियमानुसार कार्रवाई के माध्यम से आम लोगों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार कदम उठाए जा रहे हैं।