– बाढ़ एवं प्राकृतिक आपदा के कारण किया गया बदलाव, संशोधित समय-सारणी जारी
पटना.
बिहार राज्य शिक्षक स्थानांतरण नियमावली, 2026 के तहत शिक्षकों के सामान्य स्थानांतरण के लिए ऑनलाइन आवेदन की तिथि में बदलाव किया गया है। अब सामान्य स्थानांतरण के लिए 4 अक्टूबर से 10 अक्टूबर तक ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन लिये जाएंगे।
शिक्षा विभाग ने बाढ़ की गंभीर स्थिति और प्राकृतिक आपदा को देखते हुए यह निर्णय लिया है। इसके कारण शिक्षक स्थानांतरण के पहले व दूसरे चरण की गतिविधियों में विलंब हुआ है।
विभाग द्वारा बुधवार की देर शाम जारी संशोधित समय-सारणी के अनुसार, समायोजन एवं पारस्परिक स्थानांतरण के बाद सामान्य स्थानांतरण के लिए संशोधित विद्यालयवार रिक्तियों का प्रकाशन 1 अक्टूबर को किया जाएगा। इसके बाद शिक्षक 4 से 10 अक्टूबर तक अपनी वरीयता के अनुसार विद्यालयों का विकल्प चुनकर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
सामान्य स्थानांतरण की सूची के प्रकाशन, अपील और अपीलों के निष्पादन की प्रक्रिया 12 अक्टूबर से 18 नवंबर तक पूरी की जाएगी।
