– तीन चरणों में पूरी होगी स्थानांतरण की प्रक्रिया, शिक्षा विभाग ने जारी की अधिसूचना

संवाददाता.पटना

शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने राज्य के शिक्षकों को बड़ी सौगात दी है। शिक्षा विभाग ने शिक्षकों के तबादले की बहुप्रतीक्षित अधिसूचना शुक्रवार को जारी कर दी। बिहार राज्य शिक्षक स्थानांतरण नियमावली, 2026 के तहत शिक्षकों के स्थानांतरण की प्रक्रिया के लिए विस्तृत समय-सारिणी भी जारी कर दी गई है। शिक्षा मंत्री ने कई मौकों पर जुलाई में ही स्थानांतरण की प्रक्रिया शुरू करने और पोर्टल खोले जाने की बात कही थी। राज्य कैबिनेट द्वारा बीते 24 जून को तबादला नीति को मंजूरी दी गई थी।

जारी अधिसूचना के मुताबिक शिक्षकों के समायोजन/समानुपातीकरण, पारस्परिक स्थानांतरण तथा सामान्य स्थानांतरण की प्रक्रिया तीन चरणों में पूरी की जाएगी।

शिक्षकों के स्थानांतरण के लिए ऑनलाइन पोर्टल 29 जुलाई से खुल जाएगा। इस पर शिक्षक 5 अगस्त तक आवेदन कर सकेंगे। इस अवधि में समायोजन/समानुपातीकरण तथा पारस्परिक स्थानांतरण के लिए आवेदन स्वीकार किए जाएंगे।

जारी कार्यक्रम के अनुसार पहले चरण में 7 अगस्त से 9 सितंबर तक समायोजन व समानुपातीकरण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इस अवधि में सूची का प्रकाशन, अपील और उसका निष्पादन किया जाएगा।

दूसरे चरण में 10 से 14 सितंबर तक जिला, प्रमंडल और राज्य स्थापना समिति द्वारा पारस्परिक स्थानांतरण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
तीसरे और आखिरी चरण में सामान्य स्थानांतरण की प्रक्रिया संपन्न होगी। सामान्य तबादले के लिए विद्यालयवार रिक्तियों की संशोधित सूची 16 सितंबर को प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद शिक्षक 17 से 23 सितंबर तक अपनी वरीयता के अनुसार विद्यालयों का चयन कर सामान्य स्थानांतरण के लिए आवेदन कर सकेंगे।

विभाग द्वारा जारी समय-सारिणी के अनुसार सभी जिला, प्रमंडल एवं राज्य स्थापना समितियां निर्धारित अवधि में कार्यवाही पूरी करेंगी तथा प्राप्त अपीलों का भी समयबद्ध निष्पादन किया जाएगा।

शिक्षा विभाग ने सभी पात्र शिक्षकों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन करने तथा विभागीय निर्देशों का पालन करने की अपील की है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि स्थानांतरण की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई जाएगी।

मुख्य तिथियां एक नजर में :

पोर्टल पर आवेदन (समायोजन/पारस्परिक स्थानांतरण) : 29 जुलाई से 5 अगस्त

समायोजन/समानुपातीकरण प्रक्रिया : 7 अगस्त से 9 सितंबर

पारस्परिक स्थानांतरण : 10 से 14 सितंबर

संशोधित रिक्तियों का प्रकाशन : 16 सितंबर

सामान्य स्थानांतरण के लिए आवेदन : 17 से 23 सितंबर

सामान्य स्थानांतरण सूची का प्रकाशन, अपील एवं निष्पादन : 24 सितंबर से 31 अक्टूबर

You missed