संवाददाता. पटना
बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने अपने दिल्ली प्रवास के दौरान भारत सरकार के केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय से शिष्टाचार मुलाकात की। इस अवसर पर दोनों नेताओं के बीच बिहार की शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़, आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने के उद्देश्य से विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक के दौरान शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने राज्य में शिक्षा के क्षेत्र में चल रहे विभिन्न सुधारात्मक प्रयासों, विद्यालयों में आधारभूत संरचना के विकास, शिक्षकों की गुणवत्ता वृद्धि, तकनीक आधारित शिक्षा, डिजिटल संसाधनों के विस्तार तथा विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी।
उन्होंने बिहार में नई शिक्षा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन, कौशल विकास, रोजगारोन्मुख शिक्षा, डिजिटल लर्निंग, स्मार्ट क्लासरूम, पुस्तकालयों के आधुनिकीकरण तथा ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की पहुँच सुनिश्चित करने संबंधी आगामी योजनाओं पर भी विस्तार से चर्चा की। साथ ही शिक्षा के क्षेत्र में केंद्र एवं राज्य सरकार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर विभिन्न विकासात्मक योजनाओं को गति देने पर भी विचार-विमर्श किया गया।
केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने बिहार सरकार द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा किसी भी राज्य के समग्र विकास की आधारशिला होती है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से बिहार की शिक्षा व्यवस्था को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया जा सकेगा तथा विद्यार्थियों को आधुनिक, प्रतिस्पर्धी और रोजगारपरक शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य को मजबूती मिलेगी।
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में बिहार सरकार शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए राज्य के प्रत्येक छात्र-छात्रा तक बेहतर एवं समान अवसर वाली शिक्षा पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र सरकार के सहयोग एवं समन्वय से राज्य की शिक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी, समावेशी तथा भविष्य उन्मुख बनाया जाएगा।
