ROOT Foundation द्वारा अशियाना पैलेस हॉल में लोगों को किया गया योग के प्रति जागरूक
संवाददाता. पटना
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर ROOT Foundation द्वारा अशियाना पैलेस हॉल, इंजीनियर्स कॉलोनी, पटना में योग एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न वर्गों से आए सैकड़ों लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर लेखक एवं पूर्व विधान पार्षद प्रेमकुमार मणि, राघवेंद्र सिंह कुशवाहा, वरिष्ठ अधिवक्ता अजीत कुमार, संजीव कुमार,आकाश गौतम , नीलम सिंह,आर यु सिंह, रविशेखर सहित अनेक गणमान्य अतिथियों ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। उपस्थित अतिथियों ने योग को भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर बताते हुए इसे जन-जन तक पहुंचाने की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम का संचालन एवं योगाभ्यास MIND O BODY Yoga Institute के योग प्रशिक्षकों शशि सिंह एवं आशुतोष के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। दोनों प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया तथा योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों की विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ROOT Foundation के सचिव आलोक मणि ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के मध्य संतुलन स्थापित करने की एक संपूर्ण जीवन पद्धति है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते तनाव, अनियमित जीवनशैली एवं स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों के बीच योग एक प्रभावी समाधान के रूप में उभरा है। उन्होंने सभी नागरिकों से नियमित योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के सफल संचालन में ROOT Foundation के स्वयंसेवक विक्की एवं सूरज ने महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान करते हुए पूरे आयोजन को सुव्यवस्थित, अनुशासित एवं सफल बनाए रखने में सराहनीय भूमिका निभाई।
कार्यक्रम का समापन सामूहिक योगाभ्यास, ध्यान एवं स्वस्थ एवं जागरूक समाज के निर्माण के संकल्प के साथ हुआ।
