संवाददाता. पटना
सरकार को मालूम है कि मॉनसून में बारिश होती है लेकिन पटना के कई इलाकों में सड़क या नालों पर काम चल रहा है। सुरक्षा मानकों का कितना पालन हो रहा यह पत चलता ही रहता है। इस सब के बीच मंत्री, नगर विकास एवं आवास विभाग नीतीश मिश्रा की अध्यक्षता में विभागीय सभागार में मॉनसून 2026 की तैयारियों को लेकर एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में पटना नगर निगम, नगर परिषद दानापुर, फुलवारीशरीफ, खगौल एवं संपतचक के क्षेत्रों में जल-जमाव, नाला सफाई, पंपिंग व्यवस्था, मशीनों एवं मानव संसाधन की उपलब्धता सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से समीक्षा की गई।
नीतीश मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि गत वर्ष के अनुभवों के आधार पर इस बार जल-जमाव की समस्या के समाधान के लिए अब तक किए गए कार्यों एवं तैयारियों की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। साथ ही उन्होंने पिछले एक माह के दौरान इस दिशा में किए गए कार्यों का भी पूर्ण विवरण उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
मंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि आमजन को किसी भी प्रकार की असुविधा या जल-जमाव की समस्या का सामना नहीं करना पड़े, यह विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अधिकारियों की लापरवाही के कारण यदि जनता को परेशानी हुई तो इसे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
मिश्रा ने क्विक रिस्पांस टीम (QRT) को पूरी तरह सशक्त बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी कर्मियों को प्रॉपर इक्विपमेंट किट, फुल रेनकोट यूनिफॉर्म तथा उपयुक्त जूते उपलब्ध कराए जाएं ताकि वे बारिश के दौरान बेहतर तरीके से कार्य कर सकें। उन्होंने मशीन होल की सफाई में आधुनिक तकनीकों के प्रयोग पर विशेष जोर देते हुए कहा कि उपलब्ध नई तकनीकों का शीघ्र उपयोग शुरू किया जाए।
मंत्री ने कहा कि बड़े नालों के मिसिंग लिंक को चिन्हित कर समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। पंपों की संख्या बढ़ाने के साथ उनकी समुचित कार्यक्षमता की जांच भी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने खुले नालों की फिजिकल वेरिफिकेशन करने एवं जियोटैगिंग युक्त फोटोग्राफ्स के माध्यम से मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया, ताकि कार्यों की वास्तविक स्थिति पर सतत निगरानी रखी जा सके।
मिश्रा ने अधिकारियों को सुपरविजन स्तर पर सक्रियता बढ़ाने तथा कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश देते हुए कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि जो लोग ग्राम पंचायतों से नगर क्षेत्रों में आकर बसते हैं, उन्हें शहरी सुविधाएं उपलब्ध कराना विभाग की जिम्मेदारी है और इस दिशा में सभी अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ कार्य करना चाहिए।
इस महत्वपूर्ण बैठक में सहकारिता विभाग के मंत्री राम कृपाल यादव, फुलवारीशरीफ के विधायक श्याम रजक, पटना साहिब के विधायक रत्नेश कुमार, दीघा विधानसभा क्षेत्र के विधायक संजीव चैरसिया, कुम्हरार के विधायक संजय कुमार, नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार, बुडको के एमडी अनिमेष कुमार पराशर, बी एस आर डी सी एल के एमडी शीर्षत कपिल अशोक, पटना नगर निगम की महापौर सीता साहू, पटना नगर निगम के आयुक्त यशपाल मीणा, उपमहापौर रेशमी कुमारी, विभाग के अपर सचिव विजय प्रकाश मीणा, सहित विभाग के अन्य वरीय पदाधिकारीगण उपस्थित थे।
