संवाददाता. पटना

पटना नगर निगम द्वारा बिहार सरकार के कॉमर्शियल टैक्स वृद्धि के प्रस्ताव को स्वीकारने के खिलाफ पटना के ऐतिहासिक अजय भवन में एक महत्वपूर्ण बैठक का हुआ आयोजन। बैठक में पटना नगर निगम के पूर्व उपमेयर विनय कुमार पप्पू सहित, महागठबंधन के दलों के नेता सहित कई पार्षद व पूर्व पार्षद शामिल हुए।
बैठक की अध्यक्षता पूर्व पार्षद मोहन प्रसाद ने किया। अतिथियों का स्वागत देवरत्न प्रसाद ने किया। नगर निगम द्वारा कॉमर्शियल टैक्स वृद्धि के परिणाम और दुष्प्रभाव को विस्तृत तौर पर पटना नगर निगम के पूर्व उप मेयर विनय कुमार पप्पू ने रखा। उन्होंने बताया की इस प्रस्ताव के लागू हो जाने से कमर्शियली टैक्स में 2 से 4 गुना वृद्धि हो जाएगी। जो पटना में रहने वाले सभी लोगों के लिए आर्थिक मार होगा। बैठक को संबोधित करते हुए भाकपा पटना जिला सचिव विश्वजीत कुमार ने कहा बिहार सरकार का प्रस्ताव नगर निगम की स्वायत्तता पर हमला है एवं संविधान विरोधी है और आमजन पर हो रहे इस आर्थिक हमले को भाकपा बर्दाश्त नहीं करेगी। कांग्रेस के पटना अध्यक्ष शशि रंजन ने कहा कि यह प्रस्ताव जन विरोधी है इसके खिलाफ के हर संघर्ष में हम साथ रहेंगे। राजद नेता व पूर्व पार्षद बलराम चौधरी ने कहा कि इसके खिलाफ व्यापक जन आंदोलन हमें बनाना होगा। माकपा नेता राजीव रंजन जी ने कहा कि यह पूंजीवादी सरकारों का आम जनता पर एक और हमला है जिसे हमें बर्दाश्त नहीं करना है। बैठक को पूर्व पार्षद शिव मेहता, जन संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष व पूर्व पार्षद प्रदीप मेहता, पूर्व पार्षद मोहम्मद जावेद, एटक बिहार अध्यक्ष गजनफर नबाब, वरिष्ठ पत्रकार गुलाम सरवर आजाद ने भी संबोधित किया। बैठक में कल से ही आंदोलन को शुरू करने का निर्णय लिया गया। जिसके तहत सबसे पहले अजीमाबाद अंचल का कल घेराव करना तय हुआ। इसके अलावा नागरिक अधिकार मंच बना सभी वार्डों में आंदोलन को शुरू करने का निर्णय लिया गया। नागरिक अधिकार मंच का संयोजक देवरत्न प्रसाद को चुना गया।
कार्यक्रम में उपरोक्त नेताओं के अलावा राजद नेता शैलेश कुमार, अधिवक्ता अशोक कुमार, रविंद्र कुमार, नगर निगम कर्मचारी नेता मंगल पासवान, अरविंद कुमार, सुशील कुमार सहित सैकड़ो लोग शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *