संवाददाता.
केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान का पार्थिव शरीर शुक्रवार को पटना लाया गया। पटना एयरपोर्ट पर उनकी पहली पत्नी की बेटी और दामाद ने हंगामा कर दिया। उन्हें पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन करने के लिए अंदर आने की अनुमति नहीं दी गई थी। पासवान की बेटी आशा देवी और दामाद अनिल साधु ने उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी की कार के सामने हंगामा किया। सुशील मोदी लोजपा संस्थापक के अंतिम दर्शन करने के लिए आए थे। आशा पासवान और अनिल कुमार साधु ने आरोप लगाया कि सुरक्षाकर्मी उन्हें अंदर नहीं जाने दे रहे। पासवान के दामाद साधु ने कहा कि ऐसे दुखद अवसर पर राजनीति क्यों की जा रही है? उनकी बेटी और परिवार के सदस्यों को हवाई अड्डे पर प्रवेश क्यों नहीं करने दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी, राजद नेता तेजस्वी यादव, राजीव प्रताप रूडी समेत कई नेता रामविलास पासवान को श्रद्धांजलि देने हवाईअड्डे पर पहुंचे।
आशा देवी रामविलास पासवान और उनकी पहली पत्नी राजकुमारी देवी की पुत्री हैं जो खगड़िया जिले के सहरबन्नी गांव में रहती हैं। राजकुमारी देवी से पासवान की एक और पुत्री उषा देवी हैं।
पासवान ने राजकुमारी देवी से 1960 में विवाह किया था और बताया गया कि 1981 में उनका तलाक हो गया। इसके बाद रामविलास पासवान ने रीना शर्मा से 1983 में विवाह किया। रीना शर्मा से एक पुत्र चिराग और एक पुत्री हैं।
दीघा घाट पर होगा अंतिम संस्कार
पटना एयरपोर्ट से उनके पार्थिव शरीर को विधानसभा भवन ले जाया गया। इसके बाद शहीद पीर अली मार्ग स्थित लोजपा के कार्यालय में लाया गया। पार्थिव शरीर को शुक्रवार देर रात तक अंतिम दर्शन के लिए पार्टी कार्यालय में रखा गया।शनिवार को सुबह 8 बजे पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए उनके एसके पुरी स्थित आवास पर रखा जाएगा। दोपहर 1 बजकर 30 मिनट पर दीघा के जनार्दन घाट पर राजकीय सममान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।