-सेवनटीन डिग्रीज रेस्टोरेंट का रसोईघर साफ-सफाई के लिए दो दिनों तक बंद, हाजी बेकरी में बिना वैध लाइसेंस के संचालन का मामला सामने आया

पटना.
राज्यवासियों को शुद्ध, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग की खाद्य संरक्षा इकाई द्वारा लगातार जांच एवं प्रवर्तन कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पटना के पाटलिपुत्र कॉलोनी स्थित पी एंड एम मॉल के मेसर्स सेवनटीन डिग्रीज रेस्टोरेंट तथा कदमकुआं के कोयरी टोला, दरियापुर स्थित हाजी बेकरी में छापेमारी की गई। जांच के दौरान खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन और खाद्य पदार्थों के रखरखाव में अनियमितताएं पाए जाने पर कार्रवाई करते हुए विभिन्न खाद्य सामग्री नष्ट कराई गई। साथ ही, कृष्णापुरी स्थित रोमियो लेन रेस्टोरेंट में भी जांच कर आवश्यक कार्रवाई की गई।

सेवनटीन डिग्रीज रेस्टोरेंट में अनियमितताएं, रसोईघर दो दिनों के लिए बंद

पाटलिपुत्र कॉलोनी स्थित पी एंड एम मॉल के मेसर्स सेवनटीन डिग्रीज रेस्टोरेंट में जांच के दौरान खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता से संबंधित कई अनियमितताएं पाई गईं। प्रतिष्ठान में भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) की अनुसूची-4 के अंतर्गत निर्धारित स्वच्छता मानकों का उल्लंघन पाया गया। रसोईघर में पेस्ट कंट्रोल की व्यवस्था नहीं थी तथा शाकाहारी एवं मांसाहारी खाद्य पदार्थ एक ही रेफ्रिजरेटर में रखे पाए गए। इसके अतिरिक्त, रसोईघर की जल निकासी व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं थी। मसालों एवं अन्य खाद्य पदार्थों पर निर्माण तिथि तथा उपयोग की अंतिम अवधि से संबंधित जानकारी भी अंकित नहीं पाई गई।
जांच के दौरान 10 किलोग्राम अनियन ग्रेवी, 5 किलोग्राम जिंजर ग्रेवी, 4 किलोग्राम उबला चाउमीन, 2 पैकेट पाव ब्रेड तथा 12 पैकेट ब्राउनी नष्ट कराए गए। साथ ही, गुणवत्ता जांच के लिए मस्टर्ड सॉस एवं अरहर दाल के नमूने संग्रहित किए गए। स्वच्छता संबंधी अनियमितताओं को देखते हुए प्रतिष्ठान के रसोईघर को साफ-सफाई एवं आवश्यक सुधार के लिए दो दिनों तक बंद कराया गया।

हाजी बेकरी में बिना वैध लाइसेंस के संचालन का मामला, 12 किलोग्राम एक्सपायर्ड सेवई नष्ट

कदमकुआं के कोयरी टोला, दरियापुर स्थित हाजी बेकरी में छापेमारी के दौरान खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की धारा 31 के तहत आवश्यक वैध लाइसेंस अथवा पंजीकरण प्रमाणपत्र उपलब्ध नहीं पाया गया। जांच में प्रतिष्ठान में उपयोग की निर्धारित अवधि समाप्त हो चुकी प्रभुजी मिल्क लच्छा (सेवई) भी पाई गई।
खाद्य संरक्षा इकाई द्वारा कार्रवाई करते हुए 12 किलोग्राम अवधि समाप्त सेवई नष्ट कराई गई। इसके अतिरिक्त, पापा बिस्कुट एवं मैदा के नमूने संग्रहित कर गुणवत्ता जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया की गई।

रोमियो लेन रेस्टोरेंट में भी जांच, खाद्य सामग्री नष्ट

कृष्णापुरी के बोरिंग कैनाल रोड स्थित रोमियो लेन रेस्टोरेंट में भी खाद्य संरक्षा इकाई द्वारा निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान रसोईघर में ढक्कनयुक्त कूड़ेदान की व्यवस्था नहीं पाई गई। निरीक्षण के क्रम में 2 किलोग्राम दही मसाला, 1.5 किलोग्राम टमाटर ग्रेवी तथा 500 ग्राम पैडी नष्ट कराई गई। साथ ही, गुणवत्ता जांच के लिए भुनी चना दाल का नमूना संग्रहित किया गया।

खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन के लिए जांच अभियान जारी

स्वास्थ्य विभाग की खाद्य संरक्षा इकाई द्वारा आम नागरिकों के स्वास्थ्य की सुरक्षा और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों में नियमित निरीक्षण एवं जांच की जा रही है। विभाग खाद्य कारोबारियों को स्वच्छता, सुरक्षित भंडारण, वैध लाइसेंस एवं निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रेरित कर रहा है। साथ ही, मानकों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
विभाग का उद्देश्य है कि प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को शुद्ध, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध हो। इसी संकल्प के साथ खाद्य संरक्षा इकाई द्वारा जांच एवं कार्रवाई का अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

You missed