पटना.
भाकपा माले ने दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से आगामी विधान परिषद चुनाव लड़ने का निर्णय लिया है। पार्टी ने ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के चर्चित छात्र नेता एवं आरवाईए के बिहार राज्य उपाध्यक्ष संदीप चौधरी को अपना उम्मीदवार घोषित किया है।
संदीप चौधरी लंबे समय से छात्र-नौजवानों के सवालों को लेकर सक्रिय रहे हैं। विश्वविद्यालय में छात्र हितों से जुड़े विभिन्न आंदोलनों में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। हाल के वर्षों में ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय में छात्र एवं शोधार्थियों से जुड़े मुद्दों पर भी वे लगातार सक्रिय रहे हैं।
संदीप चौधरी का परिचय
संदीप चौधरी वर्तमान में इंकलाबी नौजवान सभा (आरवाईए) के बिहार राज्य उपाध्यक्ष और संगठन की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य हैं। वे भाकपा माले की जिला कमिटी के सदस्य भी हैं।
लंबे समय तक आइसा में विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन करते रहे हैं। बिहार आइसा में राज्य उपाध्यक्ष एवं राज्य सह सचिव की जिम्मेदारियों का निर्वहन करते रहे हैं।
वे सी.एम. लॉ कॉलेज, दरभंगा के विश्वविद्यालय प्रतिनिधि रह चुके हैं। ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय में उन्होंने आइसा की ओर से छात्र संघ अध्यक्ष पद का चुनाव भी लड़ा है।
विश्वविद्यालय के शैक्षणिक एवं छात्र हितों के सवालों पर संदीप चौधरी की सक्रियता लगातार बनी रही है।
शिक्षा
संदीप चौधरी ने स्नातक एवं स्नातकोत्तर की पढ़ाई ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा से की है और वर्तमान में इसी विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र से पीएचडी कर रहे हैं।
भाकपा माले राज्य सचिव कुणाल ने कहा कि दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में शिक्षा, रोजगार, विश्वविद्यालयों की स्वायत्तता, छात्र-युवाओं के अधिकार और स्नातकों से जुड़े सवालों को प्रमुखता से उठाते हुए चुनाव अभियान चलाया जाएगा। भाकपा माले उम्मीदवार संदीप चौधरी कल 6 अक्टूबर को नामांकल दाखिल करेंगे। उन्होंने आगे कहा कि पार्टी ने एक सीट पर चुनाव लड़ने का फैसला किया है। विधानपरिषद की शेष सीटों पर सीट दर सीट विचार कर इंडिया गठबंधन को समर्थन दिया जाएगा।
