संवाददाता. पटना

मुजफ्फरपुर के अस्पताल में हुई आगजनी में लोगों की मौत के बाद राजधानी पटना में अग्निशमन विभाग एक्शन मोड दिख रहा है। कई बार नोटिस भेजने के बावजूद आग से बचाव का इंतजाम नहीं करने के कारण पांच अस्पताल और छह होटलों को सील करने का निर्णय ले लिया गया है।

जिन अस्पतालों को सील करने के निर्देश दिए गए हैं उनमें पटना सेंट्रल अस्पताल, आरोग्य वर्धन अस्पताल, पिनक्कल अस्पताल, श्यामा ट्रस्ट एंड रिसर्च एंड अस्पताल और एपेक्स अस्पताल शामिल हैं। इसके अलावा छह होटलों को भी सील करने को कहा गया है। अग्निशमन विभाग के डीआईजी मनोज कुमार नट ने बताया कि पांच अस्पताल व छह होटल को सील करने का निर्देश दिया गया है।

अब अग्निशमन विभाग की टीम जिला प्रशासन के साथ मिलकर कार्रवाई करेगी उन्होंने बताया कि कई अस्पताल, होटल, रेस्टोरेंट को नोटिस भेजा गया है। आग से बचाव का पूरा इंतजाम तय सम सीमा में नहीं किया तो फिर उनके संस्थान को भी सील करने की कार्रवाई होगी।

खान सर के अस्पताल में भी फायर सेफ्टी की कमियां
खान सर के नए अस्पताल में भी कई कमियां पाई गई हैं दो सीढ़ी की जगह एक ही सीढ़ी है। ऑटोमेटिक स्प्रिंकल की भी कमी है। डीआइजी ने बताया कि उक्त संस्थान को भी नोटिस भेजा गया है। पूर्व में संस्थान में ऑडिट की गयी थी और आग से बचाव के लिए किये गये इंतजाम में लापरवाही की बात सामने आयी थी। अगर तय समय में आग से बचाव का इंतजाम नहीं किया गया तो आगे की कार्रवाई तय है।

डीआइजी मनोज कुमार नट ने बताया कि अस्पतालों और होटलों की लगातार आग से बचाव के इंतजाम के लिए कार्रवाई की जा रही है। स्कूलों मे फायर सेफ्टी के इंतजाम की भी जांच चल रही है। पटना में स्थित नौ फायर स्टेशनों में होटल, कोचिंग व अस्पताल की ऑडिट के लिए 27 टीम बनायी गई है। अब तक 250 संस्थानों की ऑडिट कर जांच की जा चुकी है। हाल में अग्निशमन विभाग ने शहर के 32 बड़े अस्पताल और 40 होटल-रेस्टोरेंट को नोटिस थमाया है।