-ROOT Foundation के सचिव आलोक मणि ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस का विषय नहीं, बल्कि निरंतर चलने वाली सामाजिक जिम्मेदारी है

संवाददाता. बिहटा

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ROOT Foundation द्वारा बिहटा में पौधारोपण और पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना तथा हरित भविष्य के निर्माण के लिए समाज की सहभागिता सुनिश्चित करना था।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से पूर्व विधान पार्षद एवं प्रख्यात साहित्यकार प्रेम कुमार मणि, प्रो. उदय राज उदय, गोलोका फार्म्स से रमेश कुमार, वीरेन्द्र सिंह, रविशेखर और मनोज कांत सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने सहभागिता की। इसके अतिरिक्त दर्जनों स्कूली बच्चों ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में भाग लिया और पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन तथा प्राकृतिक संसाधनों के अंधाधुंध दोहन के कारण पर्यावरण गंभीर संकट का सामना कर रहा है। ऐसे समय में वृक्षारोपण और जनजागरूकता अभियान अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

ROOT Foundation के सचिव आलोक मणि ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं स्कूली बच्चों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस का विषय नहीं, बल्कि निरंतर चलने वाली सामाजिक जिम्मेदारी है। श्री मणि ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।

कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, जैव विविधता तथा स्वच्छ एवं हरित जीवनशैली अपनाने के महत्व पर भी चर्चा की गई। अंत में सभी उपस्थित लोगों ने पर्यावरण की रक्षा और हरित बिहार के निर्माण के लिए सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।

आयोजन में प्रमुख संदेश दिया गया कि “एक पेड़ केवल प्रकृति की धरोहर नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की गारंटी है।”

You missed