संवाददाता. पटना
बिहार लोक सेवा आयोग ने AEDO (सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी) प्रतियोगिता परीक्षा रद्द कर दी है। आयोग ने कहा है कि- जिला स्तर पर जिला प्रशासन की सजगता के कारण कुछ केन्द्रों पर ब्लूटूथ इत्यादि के माध्यम से कदाचार का आयोजन/प्रयास करने वाले असामाजिक तत्वों/अभ्यर्थियों के विरुद्ध प्राथमिकियाँ, अन्य दण्डात्मक कार्रवाई की गई है। साथ ही 32 अभ्यर्थियों को कदाचार का प्रयास/परीक्षा में गड़बड़ी करने का षड्यंत्र रचने के आरोप में आयोग की आगामी परीक्षाओं से भाग लेने से प्रतिबंधित किया गया है, लेकिन प्राप्त सूचना के अनुसार उक्त परीक्षा का प्रश्न-पत्र लीक होने या वायरल होने का साक्ष्य अनुसंधान के क्रम में प्राप्त नहीं हुआ है। साथ ही उक्त परीक्षा के किसी भी प्रश्न पत्र के सेट के किसी भी सीरीज का कोई प्रश्न-पत्र प्राप्त नहीं हुआ है। दर्ज की गई प्राथमिकियाँ, विभिन्न समाचार पत्र/सोशल मीडिया में प्रसारित किए जा रहे समाचार इत्यादि से उक्त परीक्षा के दौरान कुछ केन्द्रों में परीक्षा की शुचिता को प्रभावित करने की कोशिश की गयी है। अतः सम्यक् विचारोपरान्त मेधावी अभ्यर्थियों के व्यापक हित एवं कदाचारमुक्त तथा पारदर्शिता के साथ परीक्षाओं को आयोजित करने की आयोग की प्रतिबद्धता को ध्यान में रखते हुए दिनांक 14.04.2026 से 21.04.2026 तक विज्ञापन संख्या 87/2025 को आयोजित सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी लिखित (वस्तुनिष्ठ) प्रतियोगिता परीक्षा की कुल 09 (नौ) पालियों की परीक्षा एवं विज्ञापन संख्या 108/2025 अन्तर्गत दिनांक 23.04.2026 को आयोजित सहायक लोक स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन पदाधिकारी लिखित (वस्तुनिष्ठ) प्रतियोगिता परीक्षा को रद्द किया जाता है।
