संवाददाता. पटना

बिहार सरकार ने बड़े स्तर पर प्रशासनिक बदलाव किया है। बड़ी संख्‍या में आइएएस अधिकारियों का तबादला किया गया है। 13 जिलों के डीएम बदल गए हैं। सामान्‍य प्रशासन व‍िभाग ने इसकी अधिसूचना जारी की है।

ये सभी भारतीय प्रशासनिक सेवा के 2017 एवं 2018 बैच के अधिकारी हैं। केवल एक पदाधिकारी श्रीकांत शास्‍त्री 2012 बैच के हैं। ये औरंगाबाद के डीएम थे, अब बेगूसराय में इसी पद पर भेजे गए हैं।

मधेपुरा के डीएम 2017 बैच के आइएएस अफसर तरनजोत सिंह अब पश्चिम चंपारण के जिलाधिकारी होंगे। शिवहर के जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय (2017) को सिवान का डीएम बनाया गया है।

अरवल की डीएम अभिलाषा शर्मा (2017) को औरंगाबाद में इसी पद पर भेजा गया है। भवन निर्माण विभाग के संयुक्‍त सचिव आशुतोष द्विवेदी (2018) को कटिहार का जिलाधिकारी बनाया गया है।

बिहार एड्स नियंत्रण सोसाइटी की परियोजना निदेशक 2018 बैच की आइएएस प्रतिभा रानी (अतिरिक्त प्रभार – मिशन निदेशक, जल-जीवन-हरियाली, ग्रामीण विकास विभाग, बिहार, पटना) को स्थानांतरित करते हुए शिवहर का जिलाधिकारी बनाया गया है।

सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के निदेशक वैभव श्रीवास्‍तव (2018) को सारण का डीएम बनाया गया है। खान एवं भूतत्‍व विभाग के निदेशक विनोद दूहन (2018) अब अररिया के डीएम होंगे।

मत्‍स्‍य, पशु एवं मत्‍स्‍य संसाधन विभाग के निदेशक अभिषेक रंजन को मधेपुरा का जिलाधिकारी बनाया गया है। शेखपुरा डीएम के पद पर उद्योग विभाग के तकनीकी विकास निदेशक शेखर आनंद (2018) की पदस्‍थापना की गई है।

ऊर्जा विभाग की विशेष कार्य पदाधिकारी अमृता बैंस (2018) को अरवल जबक‍ि प्राथम‍िक शिक्षा निदेशक साहिला (2018) को बक्‍सर का जिलाधिकारी बनाया गया है। कृषि विभाग के निदेशक नितिन कुमार सिंह(2018)अब कैमूर के जिलाधिकारी का दायित्‍व ग्रहण करेंगे।

पदाधिकारियों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 (एक्ट-46, 2023) की धारा 14 के अधीन संबंधित जिला का जिला दण्डाधिकारी भी नियुक्त किया गया है।

Leave a Reply

You missed