संवाददाता. पटना.

 बिहार सरकार के कृषि मंत्री सुधाकर सिंह ने रविवार को मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने अपना इस्तीफा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को सौंपा। नीतीश कुमार ने इस्तीफा स्वीकार करते हुए राज्यपाल को अपनी अनुशंसा भेज दी है। पर्यटन मंत्री कुमार सर्वजीत को कृषि विभाग दिया गया है और पर्यटन विभाग का प्रभार उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव को दिया गया है।

सुधाकर सिंह अपने बयानों की वजह से विवादों में थे। मंत्री पद संभालने के बाद उन्होंने एक कार्यक्रम में कह दिया था कि उनके विभागों में चोरों की भरमार है और वे चोरों के सरदार हैं। उनके इस बयान से नीतीश सरकार की काफी भद पिटी थी।

बता दें कि महागठबंधन की सरकार में 32 दिन में यह दूसरे मंत्री का इस्तीफा है। दोनों ही मंत्री राजद कोटे से आते थे। 31 अगस्त को पूर्व कानून मंत्री कार्तिक सिंह ने अपने पद से इस्तीफा दिया था। वे अपहरण मामले में फरार थे।

सुधाकर सिंह के इस्तीफे के बाद राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने कहा कि बिहार के कृषि मंत्री ने अपना त्याग पत्र बिहार सरकार को दे दिया है। हम नहीं चाहते हैं कि कोई लड़ाई आगे बढ़े। किसान और जवान की भूमिका को कभी नकारा नहीं जा सकता है। आज के दिन बिहार के कृषि मंत्री ने अपना त्याग पत्र भेज दिया है ताकि सरकार अच्छी तरह से चल सके।

इस्तीफे की बड़ी वजह

  • अफसरशाही का आरोप लगाया था और कहा था कि उनके विभाग में चोर भरे पड़े हैं। कहा था कि माप तौल अधिकारी मिलें तो उनको जूते मारिए।
  • सुधाकर सिंह चोरों के सरकार वाले बयान को वापस लेने को या फिर उस पर माफी मांगने को तैयार नहीं थे।
  • वे कृषि रोड मैप पर सवाल उठा रहे थे।
  • मंडी व्यवस्था फिर से शुरू करने की मांग कर रहे थे।
  • अनाज बिक्री के लिए पैक्स की व्यवस्था को कमीशनखोरी का अड्डा बताया था।
  • कैबिनेट की बैठक में नीतीश कुमार से बहस हो गई थी।
  • किसानों की महापंचायत बुलाने की तैयारी कर रहे थे।

विपक्ष ने क्या कहा-

सुशील मोदी ने ट्वीट कर लिखा – 2 माह में बिहार सरकार का दूसरा विकेट गिरा। अभी नीतीश कुमार की और फजीहत होनी बाकी है। यह लड़ाई अब जगदा बाबू बनाम नीतीश कुमार की लड़ाई में बदल गई है। अगला विकेट जगदा बाबू का भी हो सकता है?

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने कहा– बिहार में किसान परेशान हैं। उन्होंने कृषि विभाग के भ्रष्टाचार को उठाया था। सरकार में अफसरशाही हावी है। नीतीश, तेजस्वी के जेल जाने का इंतजार कर रहे हैं और तेजस्वी मुख्यमंत्री बनने का।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *