पटना.
बिहार में विद्यालय पुस्तकालयाध्यक्ष बनने का सपना देख रहे अभ्यर्थियों के लिए राहत भरी खबर है। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने विद्यालय पुस्तकालयाध्यक्ष पात्रता परीक्षा, 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन की तिथि बढ़ा दी है।
समिति के अध्यक्ष डॉ. त्यागराजन एस.एम. ने प्रेस नोट जारी कर बताया कि आवेदन और परीक्षा शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि अब 31 अक्टूबर 2026 तक विस्तारित कर दी गई है।
उल्लेखनीय है कि इस पात्रता परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन की अवधि 21 अक्टूबर को समाप्त हो रही थी, जिसे छात्रों के हित को देखते हुए बढ़ाया गया है। समिति ने स्पष्ट किया है कि सभी पात्र अभ्यर्थी हर हाल में वेबसाइट https://sletregistration.cbrt.co.in के माध्यम से 31 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन और शुल्क जमा करना सुनिश्चित करें।
