– जजों की संख्या 40 हुई, 9 अब भी खाली

संवाददाता. पटना

वकील कोटे से नवनियुक्त सात जजों ने सोमवार को पटना हाई कोर्ट के न्यायाधीश पद की शपथ ली। शताब्दी हॉल में आयोजित समारोह में मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति मीनाक्षी मदन राय ने बारी- बारी से रंजन कुमार झा, कुमार मनीष, राजकुमार, राणा विक्रम सिंह, विकास कुमार, गिरिजेश कुमार और आलोक कुमार को शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह में सभी जजों के अलावा बार काउंसिल ऑफ इंडिया के अध्यक्ष राज्यसभा सांसद मनन कुमार मिश्रा, बिहार बार काउंसिल के अध्यक्ष रमाकांत शर्मा, निवर्तमान महाधिवक्ता पी के शाही, वरीय अधिवक्ता यदुवंश गिरि, एडवोकेट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष योगेश चन्द्र वर्मा, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय सिंह, सचिव मुकेश कांत, सरकारी वकील अरविंद उज्ज्वल, सुनील कुमार मंडल आदि की मौजूदगी खास रही।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में रिटायर्ड जज, वकील और नवनियुक्त जजों के परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। सात जजों में तीन को स्थायी और चार को दो साल के लिए एडिशनल जज नियुक्त किया गया है। हाई कोर्ट में अब जजों की संख्या बढ़कर 44 हो गई है। लेकिन अभी भी 9 पद खाली हैं। स्वीकृत पदों की संख्या 53 है जिसमें 40 स्थायी और 13 एडिशनल हैं।