-बिहार की बेटियों को सशक्त करने के लिए विनचुंग आर्ट सिखाने की जताई इच्छा
संवाददाता. पटना
बिहार की बेटियों को आत्मरक्षा के क्षेत्र में सशक्त बनाने की दिशा में नई पहल की संभावना बनी है। कर्नाटक की मूल निवासी, भोजपुरी फिल्मों की अभिनेत्री और शिक्षिका रहीं पाखी हेगड़े ने बुधवार को शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी से मुलाकात कर छात्राओं को विन चुंग आर्ट की ट्रेनिंग देने की इच्छा जताई।
कर्नाटक की मूल निवासी और पूर्व शिक्षिका रही पाखी ने कहा कि आत्मरक्षा का प्रशिक्षण बेटियों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उन्हें शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाएगा। उन्होंने बिहार की छात्राओं के लिए इस संबंध में एक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाने का प्रस्ताव रखा।
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने इस पहल का स्वागत करते हुए उनसे विस्तृत कार्ययोजना और प्रस्ताव उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार बेटियों की शिक्षा के साथ-साथ उनके व्यक्तित्व विकास, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता पर भी विशेष ध्यान दे रही है।
श्री तिवारी ने कहा कि आज बेटियां हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं। शिक्षा, खेल, विज्ञान, प्रशासन और उद्यमिता जैसे क्षेत्रों में उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई है। आत्मरक्षा का प्रशिक्षण उन्हें और अधिक आत्मविश्वासी तथा सशक्त बनाएगा।
मुलाकात के दौरान बालिका शिक्षा, महिला सशक्तीकरण तथा छात्राओं के सर्वांगीण विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी सकारात्मक चर्चा हुई।
