युवा रोजगार एवं कौशल विकास विभाग की पहल
संवाददाता. पटना
बिहार में स्वास्थ्य सेवाओं की बढ़ती मांग, सार्वजनिक एवं निजी स्वास्थ्य अवसंरचना के निरंतर विस्तार तथा क्लिनिकल, पैरामेडिकल, संबद्ध स्वास्थ्य और सहायक सेवाओं में नए रोजगार अवसरों के सृजन को ध्यान में रखते हुए, बिहार कौशल विकास मिशन द्वारा 25, 26 एवं 27 मई 2026 को को ज्ञान भवन, गांधी मैदान, पटना में स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए विशेष रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है।
उद्योग और कार्यबल के बीच मजबूत समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से यह रोजगार मेला एक सशक्त और संरचित मंच प्रदान करेगा। इस अवसर पर विभिन्न स्वास्थ्य संस्थान, उद्योग एवं सेवा प्रदाता एक ही मंच पर उपलब्ध होंगे, जहाँ योग्य एवं प्रमाणित अभ्यर्थियों का ऑन-द-स्पॉट स्क्रीनिंग, साक्षात्कार एवं नियुक्ति प्रस्ताव प्रदान किए जाएंगे।
इस रोजगार मेले का प्रमुख उद्देश्य स्वास्थ्य एवं संबद्ध क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर कुशल भर्तियों को सक्षम बनाना, नियोक्ताओं एवं रोजगार तलाशने वाले युवाओं के लिए एक साझा मंच उपलब्ध कराना, योग्य एवं प्रमाणित अभ्यर्थियों को सुव्यवस्थित रूप से उवइपसप्रम करना, त्वरित साक्षात्कार, काउंसलिंग एवं ऑफर जारी करना तथा चयन उपरांत सहयोग प्रदान करना है।
इस रोजगार मेले के माध्यम से नर्स, पैरामेडिक्स, लैब टेक्नीशियन, फार्मासिस्ट, रेडियोलॉजी स्टाफ, इमरजेंसी स्टाफ, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी, अस्पताल प्रशासक, शासक, सपोर्ट स्टाफ के साथ-साथ टेलीमेडिसिन एवं डिजिटल हेल्थ से संबंधित विभिन्न पदों के लिए भर्तियाँ की जाएंगी।
रोजगार मेले में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों में डोमेन स्किलिंग के अंतर्गत प्रशिक्षित युवा, सरकारी एवं निजी नर्सिंग कॉलेजों, सरकारी एवं निजी मेडिकल कॉलेजों, पैरामेडिकल संस्थानों, आईटीआई/डिप्लोमा संस्थानों तथा विज्ञान स्नातक अभ्यर्थी सम्मिलित होंगे।
रोजगार मेले में स्वास्थ्य उपकरण एवं टूल्स निर्माता, अस्पताल एवं क्लीनिक, टेलीमेडिसिन एवं डिजिटल हेल्थ कंपनियाँ, स्वास्थ्य बीमा कंपनियाँ, जेरियाट्रिक केयर एवं सपोर्ट सर्विस प्रदाता, फार्मास्युटिकल कंपनियाँ, डायग्नोस्टिक लैब्स, प्रशिक्षण संस्थान तथा हेल्थकेयर एडमिनिस्ट्रेटिव एवं सपोर्ट सर्विस एजेंसियाँ भाग लेंगी। लगभग 60 से 70 नियोक्ताओं को इस मेले के लिए आमंत्रित किया जा रहा है।
इस रोजगार मेले के माध्यम से लगभग 10,000 रिक्तियों के सृजन एवं नियुक्ति प्रस्ताव जारी किए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। चयनित अभ्यर्थियों के लिए ₹15,000 से ₹80,000 प्रतिमाह तक के वेतन में रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे, जो बिहार, देश के अन्य राज्यों तथा विदेशों में भी हो सकते हैं। इस मेले में लगभग 20,000 अभ्यर्थियों की भागीदारी एवं उपस्थिति (फुटफॉल) का अनुमान है।
इस स्वास्थ्य क्षेत्र रोजगार मेले में देश की प्रतिष्ठित एवं अग्रणी स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं, अस्पतालों, हेल्थकेयर कंपनियों, नर्सिंग केयर एजेंसियों, स्किलिंग एवं एचआर संस्थानों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की गई है। इनमें प्रमुख रूप से अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल, एएसजी आई हॉस्पिटल, अपोलो हॉस्पिटल, मेदांता हॉस्पिटल, जयप्रभा मेदांता हॉस्पिटल, पारस हॉस्पिटल, फोर्ड हॉस्पिटल, रुबन हॉस्पिटल, बोधि हॉस्पिटल, मेडिवर्सल हॉस्पिटल, श्री साईं आई हॉस्पिटल, सवेरा कैंसर हॉस्पिटल, एस.आर. हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर, पैनकार्डिया हॉस्पिटल, पैनासिया हॉस्पिटल, समय हॉस्पिटल, पर्ल हॉस्पिटल, ग्लोकल हॉस्पिटल, मैक्स हॉस्पिटल, एमएमसी हेल्थकेयर, 365 हेल्थकेयर, डड फैसिलिटी सर्विसेज, सहित अनेक प्रसिद्ध निजी अस्पताल एवं स्वास्थ्य संस्थान शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त हिंदुस्तान सिरिंजेज एंड मेडिकल डिवाइसेस, पोर्टिया, केयर फर्स्ट, 2050 हेल्थ केयर, देवाइन नर्सिंग केयर सॉल्यूशंस प्रा. लि., केयर हेल्थ नर्सेज प्रा. लि., केएलसी हॉस्पिटल, वाईएचसी हॉस्पिटल, ब्लेसी नर्सिंग होम, सेवक फाउंडेशन (आजी केयर), इमोहा एल्डर्सफर्सर्ट, गृहम हेल्थ केयर, सुकिनो हेल्थकेयर, आयुष्या हेल्थकेयर सर्विसेज प्रा. लि., मैडमिक्स हेल्थ केयर प्रा. लि., मिसिका हेल्थ केयर सर्विसेज, नव्या एंटरप्राइजेज, एस.एस. एंटरप्राइजेज, सआरा हॉस्पिटल एवं अन्य प्रतिष्ठित संस्थान भाग ले रहे हैं।
बिहार कौशल विकास मिशन द्वारा आयोजित यह स्वास्थ्य क्षेत्र रोजगार मेला राज्य के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण रोजगार उपलब्ध कराने, स्वास्थ्य संस्थानों की मानव संसाधन आवश्यकताओं को पूरा करने तथा सार्वजनिक-निजी सहभागिता को और सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध होगा।
