संवाददाता. पटना

पटना में पूर्णिया से निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव को शुक्रवार की देर रात 12 बजे गिरफ्तार किया है। पप्पू यादव ने कहा कि मेरी हत्या हो सकती है। जानकारी है कि 31 साल पुराने एक मामले में पटना की एक विशेष अदालत ने सख्त रुख अपनाते हुए पप्पू यादव समेत तीन आरोपियों के खिलाफ गिरफ्तारी का आदेश दिया है। इसी आदेश के बाद पटना पुलिस की टीम शुक्रवार देर शाम पप्पू यादव के मंदिरी स्थित आवास पर गिरफ्तार करने पहुंची। पप्पू यादव इस जिद पर अड़े रहे कि वे रात में गिरफ्तारी नहीं देंगे। इसके बाद ढ़ाई-तीन घंटे तक दोनों तरफ से तनीतनी रही। लगभग 50 की संख्या में पुलिस उन्हें गिरफ्तार करने पहुंची थी। बता दें हाल मे नीट मामले में पप्पू यादव काफी एक्टिव थे।

गिरफ्तारी के समय पप्पू के समर्थक पुलिस की गाड़ी पर सवार हो गए। हेल्थ चेकअप के लिए पप्पू यादव को IGIMS ले जाया गया। शनिवार को पुलिस उन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा। इस मामले पर पटना के SP सिटी भानु प्रताप सिंह कहते हैं कि ‘1995 का एक मामला है। इसमें न्यायालय द्वारा ट्रायल केस चल रहा था, जिसमें सांसद को उपस्थित होना था, लेकिन वे निर्धारित तारीख पर उपस्थित नहीं हुए। इस कारण उनको गिरफ्तार किया गया।’पुलिस ने कोर्ट का ऑर्डर कहकर पप्पू यादव को गिरफ्तार किया।

इस पर पप्पू यादव ने कहा, ‘मैं रात में कहीं नहीं जाऊंगा। आप सुबह आइएगा फिर चलूंगा। मुझे पहले से ही पता था मैं ऐसे मामले को उठा रहा हूं तो यह सब होना ही था। आप जिसके कहने पर यहां आए हैं, उसे बोल दीजिए मैं रात में नहीं जाने वाला।’
पप्पू यादव ने कहा कि ‘ये पटना पुलिस है। रात के 10:30 बजे सिविल ड्रेस में मुझे गिरफ्तार करने आई है। अभी हम दिल्ली से पटना आए हैं और पुलिस दल बल के साथ मुझे गिरफ्तार करने मेरे आवास पर आ गई। यह मुझे मारने की साजिश है। कहीं गोली न मार दें।’

रात में गिरफ्तारी का विरोध कर रहे पप्पू यादव के सवाल पर SP भानु प्रताप सिंह ने कहा कि पुलिस उनको अरेस्ट करने कभी भी जा सकती है। अगर किन्हीं के नाम से वारंट है या फिर कुर्की है तो कभी भी गिरफ्तारी हो सकती है। बस थोड़ा सा ध्यान रखना होता है। कानून जो बोल रहा है उसके हिसाब से काम किया गया है, कानून का पूरा पालन किया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इस सब के बीच पप्पू यादव ने फेकबुक पर लिखा- ‘बहुत शानदार बिहार पुलिस। हम NEET छात्रा के लिए न्याय की लड़ाई लड़े, बिहार पुलिस के पेट में दर्द हो गया। माननीय लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला जी और देश के माननीय गृह मंत्री अमित शाह जी देख लीजिए, किस तरह बिहार की पुलिस मुझे मारने आई थी। मगर, बेईमानों की कारगुजारियों को बेनकाब करके रहेंगे। जेल भेजो या फांसी दो पप्पू रुकेगा नहीं।’

जिस मामले में पप्पू यादव की गिरफ्तारी की गई है उसमे् पटना के गर्दनीबाग थाने में विनोद बिहारी लाल नाम के व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि पप्पू यादव और उनके सहयोगियों ने धोखाधड़ी कर उनका मकान किराए पर लिया। किराए पर लेते समय यह जानकारी छिपाई गई थी कि यहां सांसद का कार्यालय चलाया जाएगा। मामला 35 साल से लंबित है। बताया जा रहा है कि कोर्ट में बार-बार बुलाए जाने के बावजूद पप्पू यादव पेश नहीं हो रहे थे। इसके बाद कोर्ट ने पप्पू यादव समेत मामले के सभी नामजद आरोपियों पर कार्रवाई का आदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed