पटना.
बिहार स्टेट इलेक्ट्रॉनिक्स डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (बेल्ट्रॉन) के माध्यम से चयनित 522 प्रोग्रामर अभ्यर्थियों के प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री, सूचना प्रावैधिकी विभाग, नीतीश मिश्रा से उनके आवास पर औपचारिक मुलाकात की। इस दौरान अभ्यर्थियों ने ज्वाइनिंग प्रक्रिया से संबंधित विभिन्न समस्याओं से मंत्री श्री मिश्रा को अवगत कराया। बैठक में बेल्ट्रॉन के प्रबंध निदेशक कौशल किशोर भी उपस्थित रहे।
मंत्री नीतीश मिश्रा ने अभ्यर्थियों की बातों को सहजतापूर्वक सुना और उनके साथ संवाद किया। उन्होंने कहा कि चयनित अभ्यर्थियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र समाधान किया जाएगा। इस संबंध में उन्होंने बेल्ट्रॉन के प्रबंध निदेशक श्री कौशल किशोर को आवश्यक कार्रवाई करते हुए अभ्यर्थियों की समस्याओं का जल्द से जल्द निराकरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक के दौरान यह स्पष्ट किया गया कि जिन चयनित अभ्यर्थियों का KYC लंबित है, उनके KYC की प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराया जाएगा। वहीं, जिन अभ्यर्थियों का दस्तावेज सत्यापन (Document Verification) अभी नहीं हो पाया है, उन्हें आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत कर सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करने का अवसर प्रदान किया जाएगा।
मिश्रा ने कहा कि विभाग चयनित अभ्यर्थियों के हितों के प्रति संवेदनशील है और प्रक्रियागत समस्याओं को दूर करते हुए शीघ्र ज्वाइनिंग की प्रक्रिया पूरी करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पात्र अभ्यर्थियों से संबंधित सभी आवश्यक प्रक्रियाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा।
मंत्री नीतीश मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार सरकार युवाओं को रोजगार एवं रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री का स्पष्ट विज़न है कि बिहार के युवाओं की प्रतिभा और क्षमता को सही अवसर मिले तथा उन्हें अपनी योग्यता के अनुरूप रोजगार प्राप्त हो। सूचना प्रावैधिकी के क्षेत्र में युवाओं के लिए रोजगार की नई संभावनाओं का सृजन सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
