पटना.

केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री एवं लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान को जान से मारने की धमकी मिलने से सुरक्षा एजेंसियों में गंभीर चिंता पैदा हो गई है। मंत्रालय को मिले एक हस्ताक्षरविहीन संचार में दो मोबाइल नंबरों का उल्लेख करते हुए केंद्रीय मंत्री को कथित तौर पर ‘hardcore terrorists’ द्वारा जल्द मार दिए जाने की धमकी दी गई है।

हस्ताक्षरविहीन पत्र में दो मोबाइल नंबर, धमकी के बाद मचा हड़कंप
धमकी मिलने के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय के अतिरिक्त निजी सचिव आलोक कुमार सिंह ने 1 सितंबर को केंद्रीय गृह सचिव, भारत सरकार को पत्र भेजा है। पत्र में पूरे मामले की तत्काल और गहन जांच कराने का अनुरोध किया गया है।

मंत्रालय ने गृह मंत्रालय से धमकी भरे संदेश के स्रोत, उसकी वास्तविकता और इसके पीछे की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए शीघ्र जांच शुरू करने की मांग की है। साथ ही यह भी कहा गया है कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां किसी भी पहलू को नजरअंदाज न करें।

Z-श्रेणी की सुरक्षा में हैं चिराग पासवान
पत्र में विशेष रूप से उल्लेख किया गया है कि केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान वर्तमान में गृह मंत्रालय की ओर से प्रदान की जा रही Z-श्रेणी की सुरक्षा के अंतर्गत हैं। ऐसे में उन्हें मिली धमकी को सामान्य घटना नहीं माना जा सकता।

पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ राजेश भट्ट ने देश के गृह मंत्री माननीय अमित शाह से धमकी देने वाले आतंकवादियों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की है और उनपर कानून सम्मत कार्रवाई करते हुए कठोर से कठोर सजा की मांग की है। डॉ भट्ट ने कहा कि इससे पूर्व भी विगत वर्ष बिहार की महिला पत्रकार के सोशल मीडिया के माध्यम से पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह केंद्रीय मंत्री श्री चिराग पासवान जी को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी जिस पर मैंने साइबर थाना, पटना मे प्राथमिकी दर्ज कराया और चौबीस घंटे के अंदर बिहार पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए उक्त घटना में संलिप्त अपराधी की बिहार के समस्तीपुर से गिरफ्तारी की गई थी। इस मामले को बीते अभी एक वर्ष भी नहीं हुए कि पुनः आतंकवादियों द्वारा उन्हें धमकी मिली जो बेहद चिंता का विषय है। जिस पर गंभीरता से कार्रवाई करने की आवश्यकता है।
डॉ राजेश भट्ट ने देश के गृह मंत्री माननीय अमित शाह जी से युवा एवं लोकप्रिय नेता श्री चिराग पासवान जी की सुरक्षा को चाक -चौबंद और सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है और और इस घटना में संलिप्त दोषी अपराधियो की अविलंब गिरफ्तारी करते हुए उनपर कठोर से कठोर सजा देने की मांग की है, जिससे भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति ना हो।