पटना.

राजधानी में बारिश के दौरान होने वाले जलभराव की समस्या से निपटने के लिए अब आम लोगों को भी निगरानी व्यवस्था से जोड़ा जा रहा है। पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड ने ‘आब प्रहरी’ ऐप के जरिए जलभराव की रियल-टाइम रिपोर्टिंग की सुविधा शुरू की है। इसके तहत नागरिक सुरक्षित स्थान से जलभराव की तस्वीर खींचकर उसकी लोकेशन के साथ प्रशासन तक भेज सकेंगे।

तस्वीर के साथ मिलेगी जगह और समय की जानकारी

ऐप पर अपलोड की गई तस्वीर के साथ संबंधित स्थान और समय की जानकारी भी दर्ज होगी। इससे प्रशासन को यह पता लगाने में आसानी होगी कि शहर के किन इलाकों में पानी जमा है, कौन-से रास्ते प्रभावित हैं और कहां तत्काल कार्रवाई की जरूरत है।

तेज बारिश के दौरान जलभराव की जानकारी समय पर मिलना बड़ी चुनौती होती है। ऐसे में नागरिकों से मिलने वाली सूचनाएं प्रभावित क्षेत्रों की पहचान और वहां उपलब्ध संसाधनों को प्राथमिकता के आधार पर भेजने में मदद कर सकती हैं।

पंपिंग और सफाई कार्य में मिलेगी मदद

जलभराव की रिपोर्ट मिलने के बाद पटना नगर निगम इन सूचनाओं का इस्तेमाल पंपिंग, सफाई और राहत कार्यों को प्राथमिकता देने में कर सकता है। वहीं बुडको को जलनिकासी और पंपिंग व्यवस्था के संचालन में जमीनी स्थिति की जानकारी मिलेगी।

यातायात पुलिस को जलमग्न सड़कों की सूचना मिलने पर यातायात नियंत्रण, डायवर्जन और वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था करने में सहायता मिल सकती है।

बार-बार जलभराव वाले इलाकों की होगी पहचान

‘आब प्रहरी’ से मिलने वाला डेटा भविष्य में जलभराव की समस्या वाले इलाकों की पहचान में भी उपयोगी होगा। अलग-अलग दिनों और स्थानों से प्राप्त रिपोर्टों का विश्लेषण कर यह पता लगाया जा सकेगा कि पटना के कौन-से इलाके बारिश के बाद बार-बार जलभराव की चपेट में आते हैं।

इस जानकारी के आधार पर भविष्य में संबंधित क्षेत्रों की ड्रेनेज क्षमता, जलनिकासी व्यवस्था और पंपिंग सिस्टम को बेहतर बनाने की योजना तैयार की जा सकती है।

IIT दिल्ली के तकनीकी सहयोग से तैयार हुआ ऐप

पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड के अनुसार ‘आब प्रहरी’ प्रणाली को आईआईटी दिल्ली के तकनीकी सहयोग से विकसित किया गया है। इसका उद्देश्य नागरिकों से मिलने वाली जमीनी जानकारी को पटना के शहरी बाढ़ प्रबंधन से जोड़ना है।

ऐप फिलहाल गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध है और जल्द ही आईओएस प्लेटफॉर्म पर भी उपलब्ध कराया जाएगा।

ऐसे बनें ‘वॉटर वॉच’ नेटवर्क का हिस्सा

पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड ने नागरिकों से अपील की है कि बारिश के दौरान जलभराव दिखने पर सुरक्षित स्थान से उसकी स्पष्ट तस्वीर लेकर ‘आब प्रहरी’ ऐप पर सही लोकेशन के साथ रिपोर्ट करें।

खास तौर पर ऐसे स्थानों की जानकारी देने की अपील की गई है, जहां बार-बार पानी जमा होता है, आवागमन प्रभावित होता है, पानी निकलने में अधिक समय लगता है, यातायात बाधित होता है या जलभराव से लोगों की सुरक्षा को खतरा पैदा होता है।

इस पहल से प्रशासन को बारिश के दौरान शहर की जमीनी स्थिति की तत्काल जानकारी मिलने के साथ नागरिकों की भागीदारी से जलभराव प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।