पटना.
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार गुरुवार को दिल्ली रवाना हो गए हैं। 10 अप्रैल को वे राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ग्रहण करेंगे। दिल्ली में शपथ ग्रहण कार्यक्रम में बीजेपी और जेडीयू के कई बड़े नेता शामिल होंगे। सीएम नीतीश के दिल्ली जाने पर जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने कहा कि 10 तारीख को सीएम नीतीश शपथ लेंगे। 13 तारीख के बाद सरकार बनाने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
संजय झा ने यह भी बताया कि 10 अप्रैल को लगभग 12:15 तक सीएम नीतीश शपथ ग्रहण करेंगे। इसके बाद वे पटना लौटेंगे। इसके बाद ही सरकार के गठन की प्रक्रिया शुरू होगी।
दिल्ली पहुंचने पर नीतीश कुमार ने कहा कि हमने तो तय कर लिया है, आपको सब बता दिए हैं। वहां का छोड़कर अब यहीं काम करेंगे। यहीं रहेंगे, चिंता मत कीजिए।
दिल्ली रवाना होने से पहले मंत्री विजय चौधरी ने बिहार में नई सरकार के गठन पर कहा, अभी तो नीतीश कुमार ही हैं। अभी इस्तीफा कहां दिए हैं। इस्तीफे के बाद ही कुछ होगा।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के संभावित इस्तीफे के बाद एनडीए विधायक दल की बैठक बुलाई जाएगी। बैठक में नए नेता का चुनाव किया जाएगा। नया नेता सीएम पद का दावा पेश करेगा। इसके बाद राज्यपाल के समक्ष सरकार गठन का दावा प्रस्तुत किया जाएगा। बिहार के भावी मुख्यमंत्री के लिए कई नामों की चर्चा तेज है। इनमें बीजेपी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी का नाम सबसे आगे चल रहा है।
