• होली पर्व को देखते हुए अश्लील और दोहरे अर्थ वाले गानों पर रोक के लिए सभी जिलों में विशेष अभियान

• सार्वजनिक स्थानों, समारोहों और वाहनों में ऐसे गानों के प्रसारण पर प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई

• नियमों का उल्लंघन करने पर साउंड सिस्टम होंगे जब्त आयोजकों व वाहन चालकों पर भी कार्रवाई

• महिलाओं की गरिमा और बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नियमों का सख्ती से पालन के निर्देश

संवाददाता. पटना

उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अश्लील और दोहरे अर्थ वाले गानों के प्रसारण पर रोक लगाने के लिए सभी जिलों में विशेष अभियान चलाने और ऐसे मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट और सख्त लहजे में कहा है कि सार्वजनिक स्थानों, समारोहों और वाहनों में इस तरह के गानों का प्रसारण किसी भी हालत में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सस्ते दोहरे अर्थ वाले और अश्लील गाने समाज के लिए गंभीर समस्या बन चुके हैं। सार्वजनिक स्थानों और वाहनों में ऐसे गानों के प्रसारण से महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा प्रभावित होती है तथा वे असहज महसूस करती हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के गाने बच्चों की सोच पर भी गलत असर डालते हैं। यह एक गंभीर सामाजिक समस्या है, जिसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है।
सम्राट ने कहा कि सरकार महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह गंभीर है। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन को निर्देश दिया गया है कि वह अश्लील और दोहरे अर्थ वाले गानों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई करे। होली पर्व पर भी सभी जिलों में विशेष अभियान चलाए जाएंगे।
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों, वाहनों और आयोजनों में बजने वाले ऐसे गानों को चिन्हित किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 296, 79 और अन्य संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। जरूरत पड़ने पर साउंड सिस्टम जब्त करने और आयोजकों और वाहन चालकों पर भी कार्रवाई की जाएगी।
उपमुख्यमंत्री ने साफ कहा कि समाज में स्वस्थ और सुरक्षित माहौल बनाए रखना सरकार की जिम्मेदारी है। महिलाओं की गरिमा और बच्चों के भविष्य से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed