मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक होगा, तीन सदसीय समिति शीघ्र देगी रिपोर्ट
एग्रीस्टैक अभियान, ई-मापी महाभियान व राजस्व महाअभियान को प्राथमिकता देने का निर्देश
संवाददाता. पटना
उपमुख्यमंत्री सह मंत्री, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग विजय कुमार सिन्हा ने 5 फरवरी की संध्या 9:30 बजे आयोजित प्रेस वार्ता में राजस्व सेवा से जुड़े सभी अंचल अधिकारियों एवं राजस्व अधिकारियों से तत्काल अपने-अपने कार्यस्थल पर लौटने का आह्वान किया था। उन्होंने कहा कि सरकार उनकी मांगों के प्रति सहानुभूतिपूर्वक विचार करने के लिए प्रतिबद्ध है।
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि उनके द्वारा घोषित तीन सदस्यीय समिति की बैठक शीघ्र आयोजित की जाएगी। यह समिति राजस्व अधिकारियों के कार्य, अधिकार एवं दायित्वों पर विस्तृत रिपोर्ट सरकार को सौंपेगी, जिसके आधार पर आगे निर्णय लिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सरकार के स्तर पर सभी अंचल अधिकारियों से तत्काल प्रभाव से योगदान देने की अपील की गई है। और संतोष का विषय है कि आज शनिवार को बड़ी संख्या में अधिकारियों ने विभिन्न जिलों में अपना योगदान सुनिश्चित किया है।
सिन्हा ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि सोमवार, दिनांक 9 फरवरी को यदि कोई अधिकारी अनुपस्थित पाए गए तो उसके विरुद्ध कठोर अनुशासनिक कार्रवाई की जाएगी। उसी दिन प्रधान सचिव सी.के.अनिल और सचिव जय सिंह वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर स्थिति की समीक्षा करेंगे। उन्होंने कहा कि मेहनत करने वाले अधिकारियों के सम्मान में कोई कमी नहीं की जाएगी।
उपमुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि सभी अंचल अधिकारी राज्य सरकार द्वारा संचालित एग्रीस्टैक महाअभियान, ई-मापी महाभियान एवं राजस्व महाअभियान के कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निष्पादित करें। इन अभियानों के सीधा लाभ राज्य की जनता को मिलेगा। इसलिए इसमें किसी भी स्तर पर कोई लापरवाही उचित नहीं है।
उन्होंने राज्य के सभी हल्का कर्मचारियों से अपील की कि वे किसी भी बहकावे में न आकर जनता के विश्वास पर खरा उतरें और पूर्व के उत्साह एवं समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। 31 मार्च तक जिस स्तर पर सुधार का लक्ष्य तय किया गया है उसकी अच्छी उपलब्धि पर सभी को फायदा मिलेगा। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि कृषि विभाग का मंत्री रहते हुए कृषि समन्वयकों के बेहतर काम करने पर उनके वेतन में रिकॉर्ड वेतन वृद्धि की गई थी। ऐसा ही मौका आप सभी के पास भी है।
इस मौके पर प्रधान सचिव सीके अनिल ने कहा कि उपमुख्यमंत्री सह मंत्री, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग विजय कुमार सिन्हा के नेतृत्व में चल रहे भूमि सुधार जनकल्याण संवाद से विभाग के प्रति जनता का भरोसा बहुत बढ़ा है। छवि में लगातार सुधार हो रहा है। उनके संवाद अभियान में व्यवधान किसी भी हाल में बर्दास्त नहीं किया जाएगा। विभाग में सुधारवादी कार्य लगातार जारी रहेंगे। 31 मार्च तक विभागीय टारगेट को पूरा करना सबका उद्देश्य होना चाहिए। इस मौके पर सचिव श्री जय सिंह भी मौजूद थे।
