संवाददाता. पटना

बिहार में विधान सभा का चुनाव हो रहा है। यहां 6 और 11 नवंबर को वोटिंग होनी है। इससे पहले मोकामा में आरजेडी नेता दुलारचंद यादव की हत्या ने माहौल गरमा दिया है। यादवों के बड़े वोट बैंक में इसको लेकर काफी आक्रोश है। इस मामले में शनिवार की देर रात मोकामा के पूर्व विधायक और जेडीयू के उम्मीदवार अनंत सिंह की गिरफ्तारी उनके घर से कर ली गई। रात के समय डेढ़ सौ पुलिस की टीम ने अनंत सिंह के बाढ़ थाना क्षेत्र के बेढ़ना में कारगिल चौक स्थित घर पहुंची और उठा लिया। इस मामले में चुनाव आयोग ने हस्तक्षेप किया था और डीजीपी से रिपोर्ट मांगी थी। चुनाव आयोग ने एक्शन लेते हुए बाढ़ के SDM चंदन कुमार, ग्रामीण SP विक्रम सिहाग और बाढ़ के SDPO-1 राकेश कुमार को हटा दिया। SDM की जगह 2022 बैच के IAS अधिकारी आशीष कुमार को भेजा गया। उसके बाद देर रात अनंत सिंह की गिरफ्तारी की कार्रवाई हुई है।

वहीं, SDPO-1 राकेश कुमार की जगह CID के डीएसपी आनंद कुमार सिंह को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके साथ ही चुनाव आयोग ने बाढ़ के SDPO-2 अभिषेक सिंह को सस्पेंड कर दिया है। उनकी जगह ATS में तैनात डीएसपी आयुष श्रीवास्तव को जिम्मेदारी सौंपी गई है। गिरफ्तारी के दौरान अनंत सिंह के पीछे 6 गाड़ियां चल रही थीं। अनंत सिंह सुबह से अपने समर्थकों के साथ चुनाव प्रचार कर रहे थे। गिरफ्तारी के दौरान भी वे सफेद पैंट और शर्ट में चश्मे के साथ ही नजर आए। पुलिस उनको लेकर पटना आई।

बता दें 30 अक्टूबर को जनसुराज के उम्मीदवार के प्रचार के समय आरजेडी नेता दुलारचंद की हत्या कर दी गई थी। उनकी उम्र 76 वर्ष थी।

अनंत सिंह की गिरफ्तारी के बाद पटना के डीएम त्यागराजन और एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने प्रेस कांफ्रेस कर कहा कि मोकामा विधानसभा क्षेत्र में हुई घटना को जिला प्रशासन और पुलिस ने बहुत गंभीरता से लिया है। हमने मामले में कई कार्रवाई की है। आदर्श आचार संहिता पूरी चुनाव प्रक्रिया का एक मजबूत स्तंभ है। चुनाव आयोग के निर्देशानुसार, हम स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। अगर कोई असामाजिक तत्व कानून या आदर्श आचार संहिता के खिलाफ जाने की कोशिश करता है, तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। हमने 100% हथियार जमा करने के निर्देश दिए हैं। सभी वैध हथियार जल्द ही जमा कर दिए जाएंगे। हर विधानसभा क्षेत्र में 50 से अधिक चेकिंग पॉइंट बनाने के निर्देश दिए गए हैं। CAPF भी जांच करेगी। पटना से सबसे ज्यादा जब्ती की गई है। पर्याप्त CAPF जवानों को तैनात किया गया है। वे पुलिस और मजिस्ट्रेट के साथ समन्वय में काम कर रहे हैं। अवैध हथियारों को जब्त करने के लिए छापेमारी की जा रही है।

पटना एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने कहा कि- 30 अक्टूबर के दिन दो प्रत्याशियों के गुटों में झड़प हुई थी। इसमें पथराव से कई लोग घायल हो गए थे। घटना के बाद एक शव बरामद किया गया। मृतक 75 वर्षीय दुलारचंद यादव, उसी गांव के निवासी थे जहां यह झड़प हुई थी। दोनों पक्षों की तरफ से मामला दर्ज कराया और पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। साक्ष्यों, प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों और मृतक की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर ऐसा प्रतीत होता है कि आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन किया गया है। यह गंभीर मामला है। एसएसपी ने कहा कि यह सब अनंत सिंह की मौजूदगी में हुआ, जो इस मामले में मुख्य आरोपी भी हैं। अनंत सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनके साथी मणिकांत ठाकुर और रंजीत राम को भी उनके साथ गिरफ्तार किया गया है।

तेजस्वी ने सवाल उठाते हुए कहा था-

‘चुनाव के बीच एनडीए प्रत्याशियों द्वारा दिनदहाड़े हत्याएं की जा रही है। हत्या में नामजद आरोपी थाने के सामने से गुजर रहा है। प्रचार कर रहा है। नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए सैकड़ों गाड़ियों के काफिले के साथ बंदूक, गोली-बारूद लेकर घूम रहा है। चुनाव आयोग अपना और लोकतंत्र का मृत्युलेख लिखने में व्यस्त है। क्या कानून सिर्फ विपक्ष के लिए है। चुनाव आयोग मर चुका है क्या?’

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में क्या पाया गया है

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के अनुसार दुलारचंद यादव के शरीर पर कई जगहों पर गहरे घाव और जमे हुए खून के निशान मिले हैं। फेफड़े (लंग्स) फटे हुए मिले, जिससे अधिक मात्रा में इंटरनल ब्लीडिंग हुई है। छाती की कई पसलियां टूटी हुई पाई गईं हैं। दाहिनी ओर रीढ़ की हड्डी (वर्टिब्रा) के पास भी चोटों के निशान मिले हैं। सिर, घुटने, टखने और पीठ पर गहरे जख्म पाए गए। दाहिने पैर के पास फायरआर्म (गनशॉट) इंजरी का जिक्र है, यानी गोली लगने के निशान हैं। शरीर में कई स्थान पर घर्षण के निशान और फटे हुए घाव मिले। डॉक्टरों ने लिखा है कि मौत का कारण कार्डियो-पल्मोनरी फेल्योर विद ब्लंट इंजरी टू चेस्ट एंड हेड, यानी छाती और सिर पर जोरदार चोटों और फेफड़े फटने से हृदय और सांस प्रणाली ने काम करना बंद कर दिया। ये चोटें इतनी गंभीर थीं कि इंटर्नल ब्लीडिंग हुई, जिससे मौत हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *